KBC 13: 1 करोड़ जीतने वाली गीता सिंह ने कहा- 'अमिताभ से मिलने के बाद एहसास ही नहीं हुआ कि...'
नई दिल्ली, 10 नवंबर। सोनी टीवी के मशहूर शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के 13वें सीजन को तीसरी करोड़पति गीता सिंह गौर के रूप में मिल चुकी हैं। मंगलवार को प्रसारित हुए शो में गीता सिंह गौर ने ₹1 करोड़ जीते और खास बात ये रही कि उनके पास एक करोड़ जीतने के बाद भी दो लाइफ लाइन शेष बची थीं। हालांकि वो 7 करोड़ के सवाल के लिए वो नियम के मुताबिक लाइफ लाइन का प्रयोग नहीं कर सकती थीं और इसलिए उन्होंने सवाल का उत्तर सही रूप से मालूम ना होने पर शो छोड़ने का फैसला किया।

गीता सिंह गौर ने एक करोड़ रुपए जीते
जिस तरह से गीता सिंह ने एक करोड़ रुपए जीते वो अपने आप में अनोखा था। दो शादी-शुदा बेटियों की मां और ग्वालियर निवासी गीता ने ये साबित किया कि ज्ञान अर्जित करने और पढ़ाई करने की कोई उम्र नहीं होती है। गीता ने एक करोड़ रु जीतने के बाद हिंदुस्तान टाइम्स को दिए गए एक इंटरव्यू में कहा कि वो केबीसी के लिए पिछले 17 सालों से कोशिश कर रही थीं।

'अगर मैं हॉट सीट पर पहुंच जाऊंगी... '
उन्होंने कहा कि' मुझे लगता था कि अगर मैं हॉट सीट पर पहुंच जाऊंगी तो फिर मुझे किसी भी पहचान की आवश्यकता नहीं होगी और मेरा सोचना आज सच साबित हो गया।'
36 वर्ष की उम्र में कानून की डिग्री हासिल की
19 साल की उम्र में शादी होने से गीता की पढ़ाई-लिखाई छूट गई थी और वो घर-गृहस्थी में बिजी हो गईं थीं लेकिन गीता ने कहा कि उनके अंदर शुरू से ही पढ़ाई करने की इच्छा थी इसलिए उन्होंने 36 वर्ष की उम्र में कानून की डिग्री हासिल की क्योंकि उस वक्त तक उनके बच्चे कुछ बड़े हो गए थे।

अमिताभ बच्चन बहुत अच्छे इंसान हैं: गीता सिंह
गीता ने शो के होस्ट अमिताभ बच्चन की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि 'वो जब हॉट सीट पर पहुंची थीं तो अमिताभ बच्चन का सामने खुद को नर्वस महसूस कर रही थीं । मेरे मन में एक डर भी था कि मैं उनके सामने कैसे रिएक्ट करूंगी लेकिन अमिताभ बच्चन की खासियत ही यही है कि वो अगले को खास महसूस करवा देते हैं।'
एक बार भी नहीं लगा कि वो भारत के इतने बड़े कलाकार हैं..
वो हर प्रतियोगी को ये एहसाास करवाते हैं कि वो बेहद खास है और अपने ज्ञान-प्रतिभा के आधार पर ही हॉट सीट तक पहुंचा है। गीता ने कहा कि अमिताभ बच्चन ने जिस तरह से उनसे बात की, उससे एक बार भी ये नहीं लगा कि वो भारत के इतने बड़े कलाकार हैं। उनकी यही खासियत उन्हें बड़ा बनाती है और दूसरों से अलग करती हैं। उन्होंने जब मेरे राजपूतानी परिधान की तारीफ की तो मेरे मन से डर हमेशा के लिए गायब हो गया।

गीता की खूबसूरत सोच से अमिताभ प्रभावित
आपको बता दें कि गीता सिंह गौर ने ना केवल अपने खेल और ज्ञान से शो में लोगों को प्रभावित किया बल्कि उनकी खूबसूरत सोच ने भी होस्ट अमिताभ बच्चन समेत सभी दर्शकों को इंप्रेस कर दिया। केबीसी को अपने जीवन की सेंकड इनिंग बताने वाली गीता सिंह ने कहा कि अब उम्र के इस दौर में, मैं खुद के लिए जीना चाहती हूं। आज मैंने केबीसी में 1 करोड़ जीते, यकीन मानिए ये मेरे जीवन की पहली कमाई है। गीता ने महिलाओं को संदेश दिया कि जिम्मेदारियों के बीच इंसान को अपने अस्तित्व के बारे में भी सोचना चाहिए और निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए,इंसान को सफलता जरूर मिलती है। गीता को एक करोड़ की रकम के अलावा हुंडई की तरफ से शानदार कार भी गिफ्ट में मिली है।
1 करोड़ का सवाल
पी के गर्ग और होमी डी मोतीवाला किस खेल स्पर्धा के ऐसे दो एथलीट है जिन्हे राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया है?'
- A गोल्फ,
- B पोलो,
- C नौकायन,
- D आइस हॉकी
सही जवाब-नौकायन
7 करोड़ का सवाल
इनमें से कौन सा एक नाम अकबर के उन तीनो पोतों के नामों में से नहीं है जिन्हे जेशुईट पादरियों को सौंपने के बाद इसे बना दिया गया था?'
- A. जो डॉन फेलिपे,
- B. डॉन हरिके,
- C. डॉन कार्लोस,
- D. फ्रांसिस्को
सही जवाब-D डॉन फ्रांसिस्को












Click it and Unblock the Notifications