कैटरीना-विक्की की शादी में सलमान को नहीं मिला इनविटेशन, लेकिन उनके बॉडीगार्ड निभा रहे अहम रोल
नई दिल्ली, 6 दिसंबर: विक्की कौशल और कैटरीना कैफ जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि सोमवार रात तक दोनों का परिवार सवाई माधोपुर पहुंच जाएगा। इसके बाद वहां पर शादी की रस्में शुरू होंगी। वैसे तो कैट और विक्की का परिवार इस मामले में कुछ नहीं बोल रहा, लेकिन रोजाना इससे जुड़ी दिलचस्प खबरें सामने आ रही हैं। जिसमें सबसे ज्यादा चर्चा सलमान खान की हो रही।

शेरा की कंपनी को ये जिम्मेदारी
सूत्रों के मुताबिक कैटरीना ने अपने एक्स सलमान खान को शादी में नहीं बुलाया है, लेकिन उनके बॉडीगार्ड शेरा की कंपनी इस पूरे समारोह के लिए गार्ड उपलब्ध करवा रही है, ताकि मेहमानों को दिक्कत ना हो। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हुई, जिसमें कुछ गार्ड होटल के बाहर पहरा देते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये गार्ड शेरा की सिक्योरिटी कंपनी से बुलाए गए हैं। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

सख्त एसओपी जारी
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक विक्की और कैट अपनी शादी को प्राइवेट रखने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए मेहमानों को एक एसओपी भेजी गई है, जिसका पालन करने का अनुरोध किया गया। इसमें मेहमानों को फोन ना लाने और सेल्फी ना लेना का निवेदन किया गया है। बाद में जब वेडिंग प्लानर अनुमति देंगे, तभी मेहमान इससे जुड़े वीडियो और फोटोज सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पाएंगे।

गार्ड के लिए स्पेशल बुकिंग
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुंबई की एक इवेंट कंपनी, जो शायद इस शाही शादी का अरेंजमेंट देख रही है, उसने माता ट्रस्ट धर्मशाला में 4-10 दिसंबर के बीच करीब 150 लोगों के लिए 27 कमरे और 5 हॉल बुक किए हैं। वहीं 5-10 दिसंबर तक चौथ माता परिसर की मीना धर्मशाला में 30 कमरे और 5 हॉल के साथ-साथ किचन भी बुक कर लिया गया है। जिसमें सुरक्षा का जिम्मा संभाल रहे गार्ड और अन्य कर्मचारी रुकेंगे। इसके अलावा रणथंभौर में ताज समेत अन्य बड़े होटल्स को मेहमानों के लिए बुक किया गया है।

7 घोड़ों पर सवार होकर एंट्री
7 दिसंबर को होने वाली शादी के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। सोमवार को विक्की की वेडिंग ड्रेस भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई। खबर ये भी है कि दुल्हेराजा एक नहीं बल्कि 7 सफेद घोड़ों पर सवार होकर एंट्री करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications