अक्षय संग अनबन की खबरों पर कपिल शर्मा ने तोड़ी चुप्पी, बोले-वो मेरे बड़े भाई हैं और मुझसे...
मुंबई, 08 फरवरी: पिछले कुछ समय से यह खबरें सामने आ रही थीं कि कॉमेडियन कपिल शर्मा और अक्षय कुमार के बीच में अनबन हुई है जिसकी वजह से अक्षय अपनी फिल्म बच्चन पांडे का प्रमोशन द कपिल शर्मा शो में नहीं करेंगे। कपिल शर्मा ने अभिनेता अक्षय कुमार के साथ उनकी अनबन की खबरों पर रिएक्शन दिया है। उन्होंने मंगलवार को ट्विटर पर अपने प्रशंसकों को बताया कि उन्होंने अक्षय को फोन किया और मुद्दों को सुलझा लिया।

कपिल शर्मा ने अक्षय कुमार से नाराज़गी वाली बात पर सफाई दी
अनबन की खबरें सामने आने के बाद मंगलवार को कॉमेडिन कपिल शर्मा ने ट्वीट कर लिखा कि, 'मेरे प्यारे दोस्तों, मैंने मीडिया में आईं खबरों को पढ़ा, जो मेरे और अक्षय पाजी के बारे में थी। मैंने पाजी से बात कर ली है और सब सुलह कर लिया है। ये सब गलतफहमी की वजह से हुआ था। अब सब ठीक हो गया है। हम बहुत जल्द बच्चन पांडे के लिए शूट पर मिलने वाले है। वह मेरे बड़े भाई हैं और वह मुझसे कभी भी नाराज नहीं हो सकते... धन्यवाद।'

ये है मामला
दरअसल पिछली बार अक्षय कुमार सारा अली खान के साथ अपनी फिल्म अतरंगी रे के प्रमोशन के लिए द कपिल शर्मा शो पहुंचे थे। शो के दौरान कपिल शर्मा ने अक्षय कुमार और पीएम मोदी के इंटरव्यू का भी जिक्र किया था। जिसमें कपिल ने अक्षय कुमार से उस इंटरव्यू जुड़ा एक सवाल पूछ लिया था। कपिल ने अक्षय से पूछा था कि, आपने भी एक बड़े पॉलिटिशियन का इंटरव्यू किया था, मैं नाम नहीं लूंगा... आप उनसे पूछ रहे थे कि मेरे ड्राइवर का बच्चा पूछ रहा है कि आप आम चूसकर खाते हैं या काटकर?

क्लिप सोशल मीडिया पर लीक होकर वायरल हो गई
अक्षय ने कपिल पर दबाव बनाया कि जिस पॉलिटिशियन की बात हो रही है, वो उनका नाम लें। लेकिन कपिल ने मोदी का नाम नहीं लिया। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट की मुताबिक कपिल शर्मा शो का जब पैक-अप हुआ तब अक्षय ने कपिल शर्मा और मेकर्स से इस हिस्से को टेलीकास्ट ना करने के लिए कहा था। चैनल ने तब अक्षय की बात मान ली, लेकिन कुछ दिन बाद ये क्लिप सोशल मीडिया पर लीक होकर वायरल हो गई।

मामला अब सुलझ गया है
इस वजह से अक्षय कुमार काफी नाराज हो गए थे इसलिए उन्होंने बच्चन पांडे का प्रमोशन कपिल शर्मा के शो पर ना करने का फैसला ले लिया था। हालांकि अब कपिल शर्मा और अक्षय कुमार के बीच मामला सुलझ गया है। अक्षय अब अपनी नई फिल्म का प्रमोशन कपिल शर्मा के शो में आ रहे हैं। बच्चन पांडे में अक्षय कुमार के साथ कृति सैनन, जैकलीन फर्नांडिस और अरशद वारसी जैसे एक्टर्स काम कर रहे हैं। इस फिल्म को डायरेक्ट फरहाद सामजी ने किया है और प्रोड्यूसर साजिद नाडियाडवाला हैं।












Click it and Unblock the Notifications