कपिल शर्मा ने 'इंडिगो फ्लाइट' पर निकाला गुस्सा, लेकिन लोगों ने लगा दी कॉमेडियन की क्लास, जानें क्या है मामला
Kapil Sharma and Indigo Flight: मशहूर स्टैंड अप कॉमेडियन और बॉलीवुड एक्टर कपिल शर्मा एक बार फिर से सुर्खियों में छा गए हैं। कपिल शर्मा अपने एक ट्वीट को लेकर लोगों के बीच फिर से चर्चा का विषय बन गए हैं। इस बार उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए 'इंडिगो फ्लाइट' पर अपनी भड़ास निकाली है। वहीं कपिल शर्मा के साथ साथ इस फ्लाइट में सफर कर रहे दूसरे यात्रियों को भी काफी मुसीबतों का सामना करना पड़ा है। कपिल शर्मा ने सोशल मीडिया पर कुछ वीडियोज भी शेयर किए हैं जिसमें परेशान यात्रियों की भीड़ के साथ चिंतित एयरपोर्ट अधिकारी भी नजर आ रहे हैं।
कपिल शर्मा ने इंडिगो फ्लाइट पर उतारा गुस्सा
कपिल शर्मा ने ट्विटर (एक्स) पर शेयर किए गए अपने लेटेस्ट पोस्ट में इंडिगो फ्लाइट पर जमकर अपना गुस्सा निकाला है। इस फ्लाइट के यात्रियों को घंटों इंतजार करवाया गया है, जिसे लेकर कपिल शर्मा बरस पड़े हैं। कपिल शर्मा ने एयरपोर्ट से कुछ वीडियोज भी सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि उस फ्लाइट से यात्रा करने वाले लोग कितने परेशान हैं।

सोशल मीडिया पर कपिल शर्मा ने लिखी ऐसी बात
कपिल शर्मा ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा है- डियर इंडिगो, पहले आपने हमें 50 मिनट तक बस में इंतजार करवाया और अब आपकी टीम कह रही है कि पायलट ट्रैफिक में फंस गया है। क्या सच में? हमें 8 बजे टेकऑफ करना था, लेकिन अब 9 बजकर 20 मिनट हो गए हैं। उन्होंने आगे लिखा- अब तक कॉकपिट में कोई पायलट मौजूद नहीं है, क्या आपको लगता है कि ये 180 यात्री फिर से इंडिगो में उड़ान भरेंगे? कभी भी नहीं।
कॉमेडियन ने इंडिगो फ्लाइट को कहा 'शेमलेस'
कपिल शर्मा ने अपनी पोस्ट के आखिर में 'शेमलेस' लिखकर उस इंडिगो फ्लाइट को टैग (#Indigo 6E 5149 #Shameless) किया है जिससे जुड़ी ये घटना है। इसके अलावा एक दूसरे ट्वीट में उन्होंने फ्लाइट से उतरने वाले यात्रियों का वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्हें दूसरी फ्लाइट में शिफ्ट किया जा रहा है। इस वीडियो को शेयर करते हुए कपिल शर्मा ने लिखा है- अब वे सभी यात्रियों को उतार रहे हैं और कह रहे हैं कि हम आपको दूसरी फ्लाइट से भेजेंगे, लेकिन फिर से हमें सिक्योरिटी चेक के लिए टर्मिनल पर वापस जाना होगा।
लोग एयरपोर्ट अथॉरिटी से सवाल करते नजर आए
इसके अलावा कपिल शर्मा ने एक वीडियो ऐसा शेयर किया है जिसमें सभी परेशान यात्री एयरपोर्ट पर दिखाई दे रहे हैं, जहां लोग एयरपोर्ट अथॉरिटी से सवाल करते नजर आ रहे हैं। कपिल ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है- लोग आपकी वजह से परेशान हैं इंडिगो। वील चेयर पर कुछ बुजुर्ग हैं, जिनकी हालत अच्छी नहीं है। आपको शर्म आनी चाहिए।
कपिल शर्मा पर ही हो गया पलटवार
कपिल शर्मा के इस पोस्ट के बाद कुछ लोगों ने कॉमेडियन पर ही पलटवार कर दिया है। एक शख्स ने उनके पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा है- कपिल जी, आपके शो की शूटिंग के दौरान लोगों को ज्यादा देर तक वॉशरूम इस्तेमाल करने की भी इजाजत नहीं है। कृपया शांत हो जाएं और स्थिति को बहुत अधिक तूल देने से बचें। कभी-कभी भारत का एक आम नागरिक होना और उनकी तरह रोजाना मुश्किलों का सामना मानवीय होता है। चिल रहिए आप।
लोगों ने कपिल शर्मा को कही ये बात
वहीं एक यूजर ने लिखा है- आप एक सुपरस्टार हैं। लोग आपका उदाहरण देते हैं। आपको फॉलो करते हैं। इसलिए, विपरीत परिस्थितियों में अपना बेस्ट साइड ही लोगों को दिखाएं। उन्हें डराएं नहीं। मैच्योर बनिए...आप हर जगह वैसा ही नहीं कर सकते जैसा आप कॉमेडी नाइट्स में करते हैं। एयरपोर्ट पर कुछ भी हो सकता है। इसके लिए तैयार रहने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications