हीराबेन मोदी के निधन पर दुखी हुईं कंगना रनौत, पीएम मोदी के लिए लिखी भावुक बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी का अहमदाबाद के अस्पताल में भर्ती होने के दो दिन बाद शुक्रवार को 100 साल की उम्र में निधन हो गया। पीएम मोदी ने ट्विटर पर लिखा, ''शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम...।''

PM Modi mother Heeraben Modi no more: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन का 100 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। बुधवार को अहमदाबाद के एक अस्पताल में भर्ती हुईं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। पीएम मोदी ने शुक्रवार की सुबह ट्वीट कर हीराबा के निधन की जानकारी दी। बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत ने पीएम मोदी के मां के निधन पर दुख जताया है। कंगना रनौत ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर पीएम मोदी और हीराबेन की तस्वीर शेयर कर लिखा, ''ईश्वर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस कठिन समय में धैर्य और शांति दे। ओम शांति''
पीएम मोदी ने कहा- शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मां हीराबेन के निधन पर ट्वीट करते हुए लिखा, ''शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम... मां में मैंने हमेशा उस त्रिमूर्ति की अनुभूति की है, जिसमें एक तपस्वी की यात्रा, निष्काम कर्मयोगी का प्रतीक और मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध जीवन समाहित रहा है। मैं जब उनसे 100वें जन्मदिन पर मिला तो उन्होंने एक बात कही थी, जो हमेशा याद रहती है कि काम करो बुद्धि से और जीवन जियो शुद्धि से।''
28 दिसंबर को अस्पताल में भर्ती हुई थीं हीराबेन
पीएम मोदी की मां हीराबेन को 28 दिसंबर को गुजरात के अहमदाबाद में यूएन मेहता अस्पताल के इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर में भर्ती कराया गया। पीएम अपनी बीमार मां से मिलने अस्पताल भी गए थे। हीराबेन इस साल जून में 99 साल की हो गई थीं।
जानिए हीराबेन के बारे में
हीराबेन का जन्म 18 जून 1923 को गुजरात के मेहसाणा जिले के विसनगर में हुआ था। उनके पांच बेटे हैं - पीएम नरेंद्र मोदी, पंकज मोदी, सोमा मोदी, अमृत मोदी और प्रह्लाद मोदी और एक बेटी वसंतीबेन हसमुखलाल मोदी हैं। हीराबेन मोदी प्रधानमंत्री के छोटे भाई पंकज मोदी के साथ गांधीनगर के पास रायसन गांव में रहती थीं।












Click it and Unblock the Notifications