'क्या हर किसी को गालियां बकने के लिए दिया गया है कंगना रनौत को पद्म श्री?'
मुंबई, 10 नवंबर: अक्सर अपने बयानों के लिए विवादों में रहने वाले एक्टर और फिल्म क्रिटिक कमाल आर खान (केआरके) ने एक्ट्रेस कंगना रनौत को पद्म श्री दिए जाने पर सवाल खड़े किए हैं। कमाल आर खान ने इसको लेकर किए ट्वीट में कई सख्त शब्दों का भी इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा है कि कंगना के नाम पर ऐसा कोई कमाल नहीं है कि उनको ये पुरस्कार दिया जाए, सिवाय इसके कि वो भाजपा समर्थक हैं और बात-बेबात विवाद खड़े करती हैं।

क्या कहा है केआरके ने अपने ट्वीट में
कंगना रनौत को पद्म श्री दिए जाने की तस्वीर को ट्विटर पर शेयर करते हुए केआरके ने लिखा है- कंगना दीदी को पद्म श्री पुरस्कार किस लिए मिला है? सिर्फ इसलिए कि वह बीजेपी का समर्थन करती हैं और वह मुसलमानों से नफरत करती है? वह अपने फायदे के लिए कोई ड्रामा रचती हैं और लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचने के लिए किसी को भी गालियां दे देती हैं? सच तो यह है कि वह दो रुपए के भी लायक नहीं हैं, पद्म श्री पुरस्कार को तो भूल ही जाइए।

ट्वीट हो रहा है वायरल
केआरके का ये ट्वीट सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में हैं। उनके इस ट्वीट पर यूजर्स ने दोनों ही तरह के रिएक्शन दिए हैं। केआरके ने जो तस्वीर शेयर की है, उसमें कहा गया है कि कंगना को नफरत भरे बयानों के लिए ट्विटर तक ने बैन किया हुआ है। कुछ लोगों ने उनकी बात का समर्थन करते हुए कहा है कि वो सही कह रहे हैं। वहीं कई यूजर्स ने कंगना की फिल्मों का जिक्र करते हुए उनको शानदार एक्ट्रेस कहा है और केआरके की इस ट्वीट के लिए खिंचाई की है।

कंगना ने कहा, अब लोगों के मुंह बंद होंगे
पद्म श्री अवार्ड मिलने के बाद कंगना रनौत ने एक दिन पहले कहा था, जिंदगी में पहली बार एक आदर्श नागरिक होने के नाते पद्म श्री पुरस्कार मिला है। मैं आभारी हूं इस देश की, इस सरकार की। जब मैंने छोटी सी उम्र में अपना करियर शुरू किया था तो काफी लंबे समय तक मुझे सफलता नहीं मिली थी। मुझे सफलता का स्वाद चखने में 8-10 साल लग गए। कंगना ने कहा कि अक्सर सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय देती हैं जिसके कारण उनके खिलाफ कोर्ट में कई मुकद्दमें दर्ज करवा दिए गए हैं। लोग मुझसे पूछते हैं कि मुझे यह सब करने से क्या मिलता है? मैं यह सब क्यों करती हूं? यह आपका काम नहीं है। तो यह पुरस्कार उनके लिए मेरा जवाब है। पद्म श्री के रूप में जो मुझे सम्मान मिला है ये बहुत से लोगों को चुप करा देगा।

कई हस्तियों को मिला है पुरस्कार
बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत को सोमवार को नई दिल्ली में पद्म श्री अवार्ड से सम्मानित किया गया। दिल्ली राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म पुरस्कार समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत, गायक अदनान सामी, बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु समेत 119 लोगों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications