नेहा पेंडसे के फ्लैट से लाखों के गहने हुए चोरी, पुलिस ने नौकर को किया गिरफ्तार, जानें कैसे हुई घटना
Neha Pendse: टीवी की मशहूर एक्ट्रेस नेहा पेंडसे को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर है कि एक्ट्रेस नेहा पेंडसे के घर से करीब 6 लाख रुपये के गहने चोरी हो गए हैं। चोरी की रिपोर्ट पुलिस में नेहा के पति के ड्राइवर ने दर्ज कराई है। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं इस मामले की जांच करते हुए पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार भी किया है।
नेहा के फ्लैट से चरी हुए गहने
नेहा पेंडसे के पति शार्दुल सिंह बयास के ड्राइवर रत्नेश झा ने बताया कि चोरी बांद्रा पश्चिम में अरेटो बिल्डिंग की 23वीं मंजिल पर एक्ट्रेस के फ्लैट में हुई है। गहने की कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है।

अलमारी में रखे थे गहने
शिकायत में रत्नेश झा ने बताया है कि गत 28 दिसंबर को उनके मालिक शार्दुल ने उन्हें सूचित किया था कि चार साल पहले शादी के गिफ्ट के रूप में मिला एक सोने का कंगन और हीरे की अंगूठी गायब हो गई है। ये दोनों आभूषण नेहा के पति शार्दुल के ही थे जिन्हें वह आमतौर पर बाहर पार्टी पर जाने के दौरान पहनते थे। वहीं घर लौटने पर उन्होंने इसे घर के नौकर, सुमित कुमार सोलंकी को सौंप दिया था जिन्होंने इसे बेडरूम की अलमारी में रख दिया था।
नौकर सुमित पर हुआ शक
शिकायत में बताया गया कि सुमित अन्य घरेलू नौकरों के साथ उस अपार्टमेंट के परिसर में ही रहते हैं। घटना के दिन शार्दुल बाहर जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी उन्हें अलमारी से गहने गायब होने का पता चला था। घर के सभी नौकरों से पूछताछ करने पर भी किसी को भी गहने गायब होने के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।
घर पर मौजूद नहीं था सुमित
बताया गया है कि उस समय नौकर सुमित घर पर नहीं था और जब सुमित से संपर्क किया गया तो उसने मुंबई के कोलाबा इलाके में अपनी मौसी के घर पर होने का दावा किया था। आगे पूछताछ करने पर सुमित ने कहा कि उसने गहने अलमारी में रख दिए थे। हालांकि, जब शार्दुल ने इसकी तलाश की तो गहने नहीं मिले।
नौकर सुमित हुआ गिरफ्तार
नौकर सुमित पर शक होने पर शार्दुल ने उससे तुरंत घर लौटने को कहा लेकिन सुमित ने वापस आने में देर कर दी, जिससे शार्दुल का शक गहरा हो गया। फिर शार्दुल के ड्राइवर रत्नेश झा ने बांद्रा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में नौकर सुमित को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन चोरी हुए गहने अभी तक बरामद नहीं किए जा सके हैं।












Click it and Unblock the Notifications