रहस्यमयी तरीके से कहां गायब हुईं 'वीराना' की भूतनी Jasmine Dhunna? 38 साल से हैं लापता, अनसुलझे हैं 3 सवाल
Jasmine Dhunna: हिंदी सिनेमा की क्लासिक हॉरर फिल्मों में गिनी जाने वाली मूवी 'वीराना' (Veerana) आज भी अपने डरावने माहौल और एक खास किरदार के लिए याद की जाती है। वो किरदार था खूबसूरत भूतनी का, जिसे जैस्मिन धुन्ना ने निभाया था। फिल्म में कई कलाकार थे, जिनमें विजय अरोड़ा भी शामिल थे लेकिन दर्शकों के दिल और दिमाग पर सिर्फ जैस्मिन धुन्ना की छवि छा गई थी।
'वीराना' की भूतनी जैस्मिन धुन्ना रातोंरात बन गई थीं स्टार
फिल्म 'वीराना' रिलीज होते ही जैस्मिन धुन्ना रातोंरात स्टार बन गई थीं। कहा जाता है कि उनकी स्क्रीन प्रेजेंस इतनी असरदार थी कि गांवों में लोग अंधेरे में निकलने से डरने लगे थे। रामसे ब्रदर्स की इस फिल्म ने उन्हें हॉरर सिनेमा का चेहरा बना दिया लेकिन जितनी तेजी से वह चमकीं, उतनी ही रहस्यमय तरीके से गायब भी हो गईं।

स्टारडम से गुमनामी तक का सफर
फिल्म 'वीराना' की सफलता के बाद हर किसी को उम्मीद थी कि जैस्मिन धुन्ना लंबे समय तक इंडस्ट्री में राज करेंगी लेकिन इसके उलट, उन्होंने अचानक फिल्मी दुनिया से दूरी बना ली और सार्वजनिक जीवन से भी गायब हो गईं। बीते करीब 38 सालों में वह शायद ही कभी नजर आई हों, जिससे उनके बारे में रहस्य और गहरा होता गया।
अंडरवर्ल्ड कनेक्शन की चर्चा ने बढ़ाया सस्पेंस
-जैस्मिन धुन्ना के गायब होने को लेकर कई तरह की कहानियां सामने आई हैं। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा उस दावे की हुई जिसमें कहा गया कि अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम उन पर फिदा हो गया था और उन्हें पाने के लिए दबाव बना रहा था।
-खबरों के मुताबिक जैस्मिन धुन्ना को धमकी भरे कॉल्स भी किए गए, जिसके बाद उन्होंने अचानक सब कुछ छोड़ दिया। हालांकि इन दावों की कभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई लेकिन इसने उनकी कहानी को और भी रहस्यमय बना दिया।
को-स्टार हेमंत बिर्जे ने खोला राज
-एक्टर हेमंत बिर्जे जिन्होंने फिल्म 'वीराना' में जैस्मिन धुन्ना के साथ काम किया था, ने साल 2023 में एक इंटरव्यू में एक्ट्रेस के बारे में कुछ अहम जानकारी शेयर की थी। उन्होंने बताया कि जैस्मिन पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं।
-हेमंत बिर्जे के अनुसार जैस्मिन धुन्ना अमेरिका में रहती हैं लेकिन मुंबई आती-जाती रहती हैं और वर्सोवा में उनका घर भी है। उन्होंने ये भी कहा कि उनकी जैस्मिन से कभी-कभी फोन पर बात होती है लेकिन वह अब फिल्म इंडस्ट्री या अपने पुराने काम के बारे में चर्चा करना पसंद नहीं करतीं।
मुंबई और अमेरिका के बीच जिंदगी
हेमंत बिर्जे ने बताया कि जैस्मिन धुन्ना आज भी एक साधारण और निजी जीवन जी रही हैं। वह लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करती हैं और मीडिया से भी पूरी तरह दूरी बनाए रखती हैं। उनकी ये चुप्पी ही शायद उनके जीवन को लेकर और ज्यादा सवाल खड़े करती है।
अब भी अनसुलझे हैं 3 सवाल
जैस्मिन धुन्ना की जिंदगी को लेकर आज भी ऐसे 3 सवाल हैं जिनका जवाब किसी के पास नहीं है-
जैस्मिन धुन्ना इतनी सफलता के बावजूद अचानक इंडस्ट्री क्यों छोड़ दी?
क्या जैस्मिन किसी दबाव में थीं या ये उनका निजी फैसला था?
क्या अंडरवर्ल्ड से जुड़ी खबरों में सच्चाई थी या ये सिर्फ अफवाहें थीं?
इन सवालों का कोई स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया है और यही वजह है कि उनकी कहानी आज भी रहस्य बनी हुई है।
अफवाहें और थ्योरी-सच क्या है?
समय-समय पर जैस्मिन धुन्ना को लेकर अलग-अलग थ्योरी सामने आई हैं। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया कि धमकियों के कारण उन्होंने देश छोड़ दिया था जबकि कुछ में दावा किया गया है कि निजी कारणों और मानसिक तनाव के चलते उन्होंने खुद को ग्लैमर की दुनिया से अलग कर लिया। हालांकि इन सभी दावों की पुष्टि नहीं हो पाई है।
एक चमकता सितारा जो अचानक ओझल हो गया
जैस्मिन धुन्ना की कहानी फिल्मी दुनिया की उन रहस्यमयी कहानियों में शामिल हो चुकी है, जहां एक सितारा अचानक आसमान से गायब हो जाता है। फिल्म वीराना की वह भूतनी आज भी दर्शकों के दिलों में जिंदा है लेकिन असल जिंदगी में वह कहां हैं और क्यों गुमनामी में जी रही हैं, ये राज आज भी अनसुलझा है।












Click it and Unblock the Notifications