Janmashtami 2026: जन्माष्टमी पर कान्हा की भक्ति में डूबने के लिए सुनें ये 6 बॉलीवुड गाने, प्लेलिस्ट में करे ऐड
Janmashtami 2026: कृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार आज यानी 4 सितंबर 2026 (शुक्रवार) को मनाया जा रहा है। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर देशभर में भक्तों के बीच उत्साह का माहौल है। मंदिरों से लेकर घरों तक कान्हा के जयकारों की गूंज सुनाई देने लगी है। ऐसे में अगर आप भी जन्माष्टमी के जश्न को बॉलीवुड के सुरीले अंदाज के साथ खास बनाना चाहते हैं, तो अपनी प्लेलिस्ट में कृष्ण भक्ति और उनसे जुड़े इन शानदार गानों को जरूर शामिल करें।
श्रीकृष्ण के प्रति प्रेम भाव को गाने से जगाएं
इन गानों में कहीं राधा-कृष्ण का प्रेम नजर आता है तो कहीं दही-हांडी की मस्ती और कान्हा की बाल लीलाओं की झलक देखने को मिलती है। इन गानों को सुनने से मन में श्रीकृष्ण के प्रति प्रेम भाव जाग उठता है और माहौल भी भक्तिमय हो जाता है।

जन्माष्टमी पर सुने बॉलीवुड फिल्मों के ये 5 गाने-
1. मैया यशोदा
जन्माष्टमी की बात हो और मैया यशोदा गाने का जिक्र न हो, ऐसा भला कैसे हो सकता है। फिल्म हम साथ-साथ हैं का ये लोकप्रिय गाना मां यशोदा और बाल कृष्ण के प्यारे रिश्ते को खूबसूरती से पेश करता है। सलमान खान, सैफ अली खान, करिश्मा कपूर और तब्बू जैसे स्टार्स से सजी इस फिल्म का ये गाना आज भी लोगों के बीच उतना ही लोकप्रिय है। जन्माष्टमी के मौके पर इसे सुनते ही घर-आंगन में कान्हा की बाल लीलाओं का एहसास होने लगता है।
2. राधा कैसे न जले
आमिर खान और ग्रेसी सिंह की फिल्म लगान का राधा कैसे न जले गाना राधा-कृष्ण के रिश्ते की चंचलता और खूबसूरत नोकझोंक को दर्शाता है। गाने में राधा के मन की भावनाओं और कृष्ण के साथ उनकी प्यारी तकरार को बेहद दिलचस्प अंदाज में दिखाया गया है। एआर रहमान के संगीत से सजा ये गाना जन्माष्टमी की प्लेलिस्ट के लिए एक परफेक्ट च्वाइस है।
3. राधे-राधे
अगर जन्माष्टमी के जश्न में भक्ति के साथ जमकर डांस भी करना है तो ड्रीम गर्ल मूवी का राधे-राधे गाना आपकी लिस्ट में जरूर होना चाहिए। आयुष्मान खुराना और नुसरत भरुचा पर फिल्माया गया ये गाना कृष्ण भक्ति को मस्ती और डांस के रंग में पेश करता है। इसकी एनर्जेटिक बीट्स जन्माष्टमी के माहौल में चार चांद लगा सकती हैं।
4.गो गो गोविंदा
दही-हांडी और जन्माष्टमी के उत्सव की बात हो तो 'गो गो गोविंदा' को कैसे भुलाया जा सकता है। अक्षय कुमार और सोनाक्षी सिन्हा की फिल्म 'ओह माय गॉड!' का ये गाना उत्सव, डांस और मस्ती से भरपूर है। गाने में दही-हांडी की धूम और गोविंदा के जयकारों वाला माहौल देखने को मिलता है। जन्माष्टमी की पार्टी या सेलिब्रेशन में ये गाना खूब रंग जमा सकता है।
5. वो कृष्णा है
भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित 'वो कृष्णा है' गाना फिल्म 'किसना: द वॉरियर पोएट' का है। विवेक ओबेरॉय पर फिल्माए गए इस गीत में कृष्ण के विभिन्न रूपों और उनकी भक्ति की खूबसूरत झलक देखने को मिलती है। गाने की भावपूर्ण धुन और बोल जन्माष्टमी के आध्यात्मिक माहौल को और खास बना देते हैं। अगर आप इस दिन भक्ति से सराबोर होना चाहते हैं, तो इसे जरूर सुनें।
6. मच गया शोर सारी नगरी में
जन्माष्टमी और दही-हांडी के जश्न की याद दिलाने वाले सबसे पॉपुलर बॉलीवुड गानों में 'मच गया शोर सारी नगरी' में का नाम भी शामिल है। अमिताभ बच्चन पर फिल्माया गया ये गाना साल 1982 में रिलीज हुई फिल्म 'खुद्दार' का है। गाने में कृष्ण जन्मोत्सव और दही-हांडी की मस्ती का ऐसा रंग देखने को मिलता है कि इसे सुनते ही उत्सव का माहौल महसूस होने लगता है। आज भी जन्माष्टमी के मौके पर यह गाना लोगों को झूमने पर मजबूर कर देता है।
जन्माष्टमी के जश्न में बजाएं ये गाने
कृष्ण जन्माष्टमी सिर्फ पूजा और व्रत का त्योहार नहीं बल्कि कान्हा के जन्म की खुशी मनाने का भी अवसर है। ऐसे में इन बॉलीवुड गानों को अपनी प्लेलिस्ट में शामिल करके आप भक्ति, संगीत और मस्ती से भरा माहौल बना सकते हैं। चाहे घर पर जन्माष्टमी का सेलिब्रेशन हो या दही-हांडी का आयोजन, कान्हा से जुड़े ये गाने हर जश्न को और यादगार बना देंगे।


Click it and Unblock the Notifications
