'मां का इंतजार कर रही हूं' आज भी श्रीदेवी की मौत की सच्चाई की तलाश में जाह्नवी कपूर, बताया दिल का हाल
Janhvi Kapoor Sridevi: बॉलीवुड एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'मिस्टर एंड मिसेज माही' को लेकर चर्चा में हैं। एक्ट्रेस लगातार फिल्म का जोर-शोर से प्रमोशन करने में जुटी हैं। हाल ही में जाह्नवी ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया कि मां श्रीदेवी की मौत के बाद से वह ज्यादा धार्मिक हो गई हैं।
द लल्लनटॉप को दिए इंटरव्यू में जाह्नवी कपूर ने अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर कई बड़े खुलासे किए। उन्होंने कहा कि वह आज भी अपनी मां श्रीदेवी का इंतजार कर रही हैं। यहां तक कि अपनी मां के जाने के बाद वह ज्यादा पूजा-पाठ करने लगी हैं।

जाह्नवी कपूर ने कहा कि, 'उनके निधन के बाद, मैंने उनमें विश्वास करना शुरू कर दिया, शायद बहुत ज्यादा। मुझे नहीं पता कि जब वह जीवित थीं तो मैं इतनी धार्मिक थी या नहीं लेकिन मैं अब उन सब चीजों को मानने लगी हूं क्योंकि मेरी मां मानती थी। कुछ चीजों को लेकर उनमें अंधविश्वास भी था जैसे कि शुक्रवार को बाल नहीं कटवाने देती थीं क्योंकि उस दिन देवी लक्ष्मी का आगमन होता है।'
जाह्नवी कपूर ने आगे कहा कि, 'जब वह काम करती थीं तो हर साल अपने जन्मदिन पर वह तिरुपति मंदिर जाती थीं। अपनी शादी के बाद उन्होंने जाना बंद कर दिया। उनके निधन के बाद, मैंने हर साल उनके जन्मदिन पर मंदिर जाने का फैसला किया। कहीं ना कहीं मुझे ऐसा लगने लगा है कि मैं पहले से काफी ज्यादा धार्मिक हो गई हूं।'
जाह्नवी कपूर ने ये भी कहा कि वह आज भी अपनी मां श्रीदेवी का इंतजार कर रही हैं। एक्ट्रेस ने कहा, 'मैं जब भी कोई इंटरव्यू देती हूं तो मां का जिक्र जरूर करती हूं। लेकिन पता नहीं क्यों मुझे आज भी ऐसा लगता है कि मां कहीं घूमने गई हुई हैं और थोड़े ही दिनों में वह वापस लौट आएंगी।' जाह्नवी कपूर आज भी इस बात को नहीं मानती हैं कि उनकी मां इस दुनिया में नहीं रहीं। बता दें कि, साल 2018 में श्रीदेवी की मौत हुई थी।
जाह्नवी कपूर के वर्कफ्रंट की बात करें तो, उनकी फिल्म 'मिस्टर एंड मिसेज माही' 31 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में जाह्नवी राजकुमार राव के साथ स्क्रीन शेयर करेंगी। दोनों का ऑनस्क्रीन रोमांस देखने के लिए फैंस काफी एक्साइटेड हैं। देखना होगा कि दोनों की लव स्टोरी फैंस को कितनी पसंद आती है।












Click it and Unblock the Notifications