India's Got Latent: बड़ी मुश्किल में समय रैना, जांच के घेरे में सभी एपिसोड्स, जज से लेकर ऑडियंस पर एक्शन तय!
India's Got Latent Row: कॉमेडियन समय रैना के यूट्यूब शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' (India's Got Latent) को लेकर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। महाराष्ट्र साइबर सेल ने इस शो के खिलाफ एक्शन शुरू कर दिया है। हाल ही में यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया की माता-पिता पर विवादास्पद टिप्पणी के बाद अलग-अलग राज्यों में शो के आयोजकों और प्रतिभागियों पर केस दर्ज किया गया है।
महाराष्ट्र साइबर सेल से मिल रही जानकारी के अनुसार शो के कुल 18 एपिसोड्स की गहन जांच की जा रही है। जांच के दौरान यह देखा जाएगा कि शो में कितने लोगों ने आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया और किन एपिसोड्स में अश्लील या आपत्तिजनक कंटेंट शामिल किया गया है।

इसके साथ ही, यूट्यूब को पत्र लिखकर कहा गया है कि सभी विवादित एपिसोड्स को डिलीट किया जाए। इस बीच मुंबई पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अपूर्व मुखीजा और यूट्यूबर आशीष चंचलानी ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा है कि यह शो स्क्रिप्टेड नहीं है। शो में जजों और प्रतिभागियों को खुलकर बात करने के लिए कहा जाता है।
उन्होंने पुलिस को बताया कि इंडियाज गॉट लैटेंट शो में जजों को कोई भुगतान नहीं किया जाता है। हालांकि, जजों को शो का कंटेंट अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की आजादी होती है। इस शो में बतौर दर्शक हिस्सा लेने के लिए टिकट खरीदना पड़ता है और टिकट बिक्री से जो पैसे आते हैं, वे शो के विजेता को दिए जाते हैं।
ये भी पढ़ें: रणवीर अल्लाहबादिया और समय रैना को हो सकती है 10 साल की जेल, जानें कैसे मिलेगा ऐसी सजा
India's Got Latent शो के जज और ऑडियंस भी जांच के दायरे में
शो में जज की भूमिका निभाने वाले लोगों को लेकर भी जांच की जा रही है। जिन-जिन ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सिर्फ जज ही नहीं, बल्कि शो में शामिल ऑडियंस के बयान भी दर्ज किए जाएंगे। पुलिस का कहना है कि जो भी इस शो में गवाह के तौर पर मौजूद था, उनके बयान सबूत के रूप में लिए जाएंगे।
India's Got Latent में आए 30 गेस्ट्स को भेजा समन
इस विवाद के चलते अब तक शो में शामिल करीब 30 मेहमानों को समन भेजा गया है। महाराष्ट्र साइबर सेल ने स्वतः संज्ञान लेते हुए रणवीर इलाहाबादिया की टिप्पणी को लेकर एफआईआर दर्ज की है।
ये भी पढ़ें: समय रैना के शो में जाने वाले थे वरुण धवन, लेकिन इस वजह से एक्टर ने ठुकराया ऑफर
शो के आयोजकों पर होगी कार्रवाई?
पुलिस ने इस मामले को लेकर आईटी एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार शो में भाग लेने वाले कई मेहमानों और आयोजकों ने अश्लील और आपत्तिजनक भाषा का उपयोग किया, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications