India's Got Latent: समय रैना के शो में क्यों गए रणवीर अल्लाहबादिया? 2 घंटे तक पूछताछ, जानिए क्या-क्या कबूला
India's Got Latent: यूट्यूबर और पॉडकास्टर रणवीर अल्लाहबादिया (Ranveer Allahbadia), जिन्हें 'बीयरबाइसेप्स' (BeerBiceps) के नाम से जाना जाता है, हाल ही में कॉमेडियन समय रैना के शो 'इंडियाज गॉट लैटेंट' में की गई अपनी विवादित टिप्पणी के कारण कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। महाराष्ट्र साइबर सेल ने सोमवार (24 फरवरी) को उनसे करीब दो घंटे तक पूछताछ की, जहां उन्होंने कई चीजों के बारे में बताया।
एनडीटी की रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने जांच अधिकारी के सामने अपने बयान में अपनी गलती स्वीकार की और कहा कि वह यूट्यूब शो में इसलिए गए थे, क्योंकि समय रैना उनके दोस्त थे।

India's Got Latent: क्या शो में आने के पैसे लिए थे?
पॉपुलर यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया उस वक्त विवादों से घिर गए जब उन्होंने समय रैना के 'इंडियाज गॉट लैटेंट' शो में माता-पिता और सेक्स के बारे में भद्दी टिप्पणी की, जिसके बाद से वो लगातार हर जगह आलोचना के शिकार हो रहे हैं। इस बीच 31 वर्षीय रणवीर ने यह भी दावा किया कि उन्होंने अपनी उपस्थिति के लिए पैसे नहीं लिए।
रिपोर्ट में दावा किया कि एजेंसी द्वारा जारी पिछले समन को दरकिनार कर नवी मुंबई स्थित साइबर ऑफिस में पेश हुए रणवीर अल्लाहबादिया ने अधिकारियों से कहा कि यूट्यूबर दोस्ताना संबंध बनाए रखते हैं और एक-दूसरे के शो में जाते रहते हैं।
जानिए रणवीर ने क्या की थी टिप्पणी?
इस शो में रणवीर ने एक प्रतियोगी से अजीब सवाल पूछा, "क्या आप अपने माता-पिता को हर दिन सेक्स करते देखना पसंद करेंगे या एक बार इसमें शामिल होकर इसे हमेशा के लिए बंद कर देंगे?"
यह टिप्पणी वायरल होते ही लोगों में नाराजगी फैल गई। इस टिप्पणी के लिए उनके खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए थे। जब विवाद बढ़ा, तो रणवीर ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी। उन्होंने कहा, "मेरी टिप्पणी गलत और गैरजरूरी थी। यह मजेदार भी नहीं थी। कॉमेडी मेरी खासियत नहीं है, मुझे खेद है।"
सुप्रीम कोर्ट की फटकार, लेकिन राहत भी
रणवीर के खिलाफ कई केस दर्ज होने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें गिरफ्तारी से अंतरिम राहत तो दी, लेकिन उनकी टिप्पणी को "अश्लील" करार दिया। अदालत ने यहां तक कहा कि "उनका दिमाग गंदा है और इससे समाज शर्मसार होता है।" अदालत ने उनको चल रही जांच में सहयोग करने और बिना अनुमति के देश छोड़ने से रोकने के लिए अपना पासपोर्ट ठाणे पुलिस के पास जमा करने का निर्देश दिया।
India's Got Latent: मामले की जांच जारी
महाराष्ट्र साइबर सेल ने इस शो से जुड़े 50 से ज्यादा लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया है। इसमें जज, कंटेंट क्रिएटर्स, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और कॉमेडियन शामिल हैं। शो के होस्ट समय रैना को भी जल्द पेश होने के लिए कहा गया है। इस विवाद के बाद समय रैना ने यूट्यूब से शो के सभी एपिसोड हटा दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications