Indian Idol 12: पवनदीप की जीत ने बदल दी पूरे गांव की किस्मत, हुआ ये बड़ा ऐलान
देहरादून, 21 अगस्त: हाल ही में इंडियन आइडल का 12वां सीजन खत्म हुआ। जिसके ग्रैंड फिनाले में उत्तराखंड के पवनदीप राजन ने बाकी के 5 कंटेस्टेंट्स को पिछाड़कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इसके बाद उनकी किस्मत पूरी तरह से बदल गई। साथ ही उन पर लगातार इनामों की बौछार हो रही है। वहीं अब उनके गांव चौकी के लिए भी एक अच्छी खबर सामने आई है।

पीएनबी ने लिया गोद
पंजाब नेशनल बैंक ने पवनदीप के गांव को गोद लेने का फैसला किया है। इसके तहत बैंक की कुमाऊं मंडल की प्रबंधक सरिता सिंह ने गांव में पहुंचकर बकायदा उसे गोद लेने का ऐलान किया। साथ ही उन्होंने पवनदीप के माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की। ऐसे में अब ग्रामीणों को भी उम्मीद है कि उनके गांव की तस्वीर पवनदीप की वजह से जल्द बदल जाएगी।

गांव में होंगे कई सुधार
मामले में सरिता सिंह ने कहा कि बैंक इस गांव का वित्तीय समावेशन, आसानी से ऋण देने के साथ कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत आधारभूत ढांचे को सुधारने की दिशा में काम करेगा। उन्हें बहुत ही खुशी है कि इस क्षेत्र के युवा ने पूरे देश में गांव और प्रदेश का नाम रोशन किया। इसके अलावा सरिता सिंह ने पवनदीप के परिवार से क्षेत्र के युवाओं को सांस्कृतिक प्रतिभाओं के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए सहयोग मांगा।

पवनदीप को मिले ये इनाम
आपको बता दें कि उत्तराखंड के एक छोटे से गांव से आए पवनदीप की किस्मत अब बदल चुकी है। इंडियन आइडल जीतने के बाद उन्हें सीजन 12 की एक ट्रॉफी मिली। इसके अलावा 25 लाख रुपये का कैश प्राइज और एक स्विफ्ट कार मिली है। वहीं कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि इंडियन आइडल जीतने के बाद से पवन के पास बॉलीवुड के कई सिंगिंग प्रोजेक्ट्स के ऑफर मिले हैं।

राज्यपाल ने कही ये बात
इंडियन आइडल-2021 के विजेता पवनदीप राजन और उपविजेता अरुनिता कांजीलाल ने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की। राज्यपाल कोश्यारी भी उत्तराखंड के ही रहने वाले हैं। उन्होंने पवनदीप की जीत पर खुशी जाहिर की। साथ ही कहा कि वो उन्हें सम्मानित करना चाहते हैं, ऐसे में जल्द ही राजभवन में एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें उत्तराखंड और महाराष्ट्र के प्रतिष्ठित लोग शामिल होंगे। मुलाकात के दौरान पवनदीप ने राज्यपाल को गाना गाकर भी सुनाया।

हिमेश के साथ आया गाना
जब पवनदीप इंडियन आइडल में थे, तो उनकी आवाज सुनकर शो के जज हिमेश रेशमिया काफी ज्यादा प्रभावित हुए। ऐसे में उन्होंने शो के बीच में पवनदीप का एक गाना लॉन्च कर दिया। जिसमें उनके साथ अरुनिता कांजीलाल भी थी। शुरू में तो इस गाने ने अच्छा परफॉर्म नहीं किया, जिस वजह से बाद में उसका स्टूडियो वर्जन भी लॉन्च किया गया।












Click it and Unblock the Notifications