जब एनसीबी के अधिकारी ने आर्यन खान से कहा चलो दफ्तर, दोस्त ने जूतों में छिपा रखी थी चरस
मुंबई, 04 अक्टूबर। बॉलीवुड के लिए 4 अक्टूबर यानि रविवार का दिन काफी हलचल भरा रहा। जिस तरह से नारकोटिस्क कंट्रोल ब्यूरो ने बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को गिरफ्तार किया उसने हर किसी को चौंका दिया। शनिवार देर रात को गोवा जा रहे क्रूज लाइनर पर छापेमारी के बाद एनसीबी की टीम ने कई लोगों को ड्रग्स के इस्तेमाल के आरोप में हिरासत में लिया, जिसमे आर्यन खान भी शामिल थे। हालांकि पहले आर्यन से एनसीबी ने पूछताछ की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। आर्यन पर चरस के इस्तेमाल का केस दर्ज हुआ है।

एनसीबी दफ्तर में कटी आर्यन और उनके दोस्तों की रात
एनसीबी की टीम ने कुल 8 लोगों को इस छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किया है जिसमे आर्यन खान और उनके दोस्त व फिल्म एक्टर अरबाज मर्चेंट,मुनमुन धमेचा भी शामिल हैं। इन सभी लोगों को हिरासत में लेने के बाद एनसीबी ने कोर्ट में पेश किया, जहां उन्हें सोमवार तक के लिए एनसीबी की कस्टडी में भेज दिया गया। यानि रविवार की रात आर्यन और उनके दोस्तों को एनसीबी की हिरासत में बितानी पड़ी है। रिपोर्ट के अनुसार धमेचा मध्य प्रदेश के व्यापारी की बेटी हैं वहीं अरबाज एक व्यापारी के बेटे हैं। जिन पांच अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है उसमे नुपुर सजिता, इशमीत चड्ढा, मोहक जयसवाल, गोमित चोपड़ा और विक्रांत चोकर शामिल हैं। उन्हें आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।

छापेमारी के बाद 200 लोगों ने रद्द किया कार्यक्रम
क्रूज लाइनर कोर्डेलिया क्रूजेज में तकरीबन 800-1000 यात्री सवार थे, ये लोग मुंबई से गोवा के लिए रवाना हुए थे। जिसके बाद एनसीबी ने यहां छापेमारी की और तकरीबन एक दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया। एनसीबी की कार्रवाई के बाद 200 लोगों ने शिप आगे नहीं जाने का फैसला लिया और ट्रिप से वापस आ गए। बता दें कि यह शिप आज सुबह वापस आ जाएगा। एनसीबी के अधिकारी ने बताया कि हम मुंबई और नवी मुंबई में छापेमारी कर रहे हैं।

क्या मिला छापेमारी में
एनसीबी ने दावा किया है कि उन्होंने कुल 13 ग्राम कोकेन, 21 ग्राम चरस, 22 एमडीएम की गोलियां, 5 ग्राम मेफ्रेड्रोन और 1.3 लाख रुपए नगद बरामद किए हैं। रिमांड में आर्यन खान, मर्चेंट और धमेचा की कस्टडी की मांग की गई है। एनसीबी ने बताया कि इन तीनों को ड्रग्स के इस्तेमाल, इसकी बिक्री और खरीद के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि इन लोगों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया गया है, जिसमे अधिकतम एक साल की सजा या 20000 रुपए तक जुर्माना हो सकता है।

आर्यन खान ने मांगी माफी
एनसीबी के अधिकारी ने बताया कि आर्यन, मर्चेंट और धमेचा स साउथ मुंबई स्थित बालार्ड पियर स्थित एनसीबी के कार्यालय में पूछताछ की गई। इस दौरान आर्यन से जब हमने हमारे साथ एनसीबी के कार्यालय चलने के लिए कहा तो वो अपनी गलती के लिए माफी मांग रहे थे। अधिकारी ने बताया कि इन लोगों को रविवार शाम 4 बजे जेजे अस्पताल मेडिकल के लिए ले जाया गया। जिसके 40 मिनट के बाद उन्हे वहां से वापस एनसीबी के कार्यालय लाया गया और शाम 7 बजे हॉलिडे कोर्ट के सामने पेश किया गया। एनसीबी के अधिकारी ने बताया कि आर्यन के पास से हमे कोई भी वर्जित पदार्थ नहीं मिला, लेकिन उनकी दोस्त कुछ मात्रा में चरस को अपने जूते में छिपाया हुआ था। आर्यन और अरबाज मर्चेंट एक ही कमरे में ठहरे थे।

व्हाट्सएप चैट से मिली जानकारी
कोर्ट में जो रिमांड याचिका दायर की गई है उसमे एनसीबी की ओर से कहा गया है कि हमे व्हाट्सएप चैट मिली है जिसमे स्पष्ट तौर पर ड्रग्स पेडलर की जानकारी सामने आई है जोकि नियमित तौर पर यह काम करते हैं। एनसीबी के वकील अद्वैत सेठना ने इन लोगों की कस्टडी की मांग की है। जबकि सतीश मानशिंदे ने कहा कि हमने जमानती रिमांड की मांग न्यायोचित नहीं होगी।

कैसे पहुंचे एनसीबी के अधिकारी
बता दें कि आर्यन खान और अरबाज मर्चेंट को क्रूज पर मुफ्त में एंट्री दी गई थी। शिप पर लोगों से 60 हजार से 3 लाख रुपए तक का टिकट वसूला गया था। यह शिप ऑस्ट्रियन मालिक का है। एनसीबी के अधिकारियों ने बताया कि हम पिछले 15 दिन से इस इंटरनेशनल क्रूज मिशन पर काम कर रहे थे। हम इंटरनेशनल क्रूज टर्मिनल पर बतौर यात्री आए और हमने खुद की पहचान प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर बताई थी। एनसीबी ने बताया कि शिप में कमरों में ड्रग्स मौजूद थी, जिसे सीधे ज्वाइंट के तौर पर लिया जा सकता था। हम इस बात की पुष्टि करना चाहते थे कि क्या ऑर्गेनाइजर्स को इसकी जानकारी थी या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications