'सभी प्रोड्यूसर्स आगे आएं और मुझे साइन करें', हेमा मालिनी ने इंडस्ट्री से मांगा काम, आखिर क्या हुई बात
Hema Malini: हिंदी सिनेमा की लिजेंड्री एक्ट्रेसेस जैसे शर्मिला टैगोर, जया बच्चन और एक्टर धर्मेंद्र को इस उम्र में भी बड़े पर्दे पर काम करता देख अब हेमा मालिनी ने भी दोबारा स्क्रीन पर आने की इच्छा जाहिर की है। हेमा मालिनी ने न्यूज एजेंसी से बात करते हुए कहा है कि वह फिल्मों में काम करना चाहती हैं लेकिन इसके लिए उनके पास अच्छी स्क्रिप्ट लेकर कोई भी प्रोड्यूसर नहीं आ रहे हैं। हेमा मालिनी का कहना है कि उनके मन में ये बात बार-बार आती है कि वह इस उम्र में भी बड़े पर्दे पर काम कर धूम मचा सकती हैं।
स्क्रीन पर वापस आना चाहती हैं हेमा मालिनी
लोगों की 'ड्रीम गर्ल' एक्ट्रेस हेमा मालिनी ने पीटीआई से बात करते हुए कहा कि वह भी फिल्में करना चाहती हैं, बशर्ते प्रोड्यूसर उनके पास कुछ अच्छे रोल लेकर आएं। आपको बता दें कि हेमा मालिनी आखिरी बार साल 2020 में रिलीज हुई फिल्म 'शिमला मिर्ची' में नजर आई थीं। इस फिल्म में राजकुमार राव और रकुल प्रीत सिंह भी दिखाई दी थीं। उससे पहले तक हेमा मालिनी ने 'बागबान', 'वीर-जारा', 'बाबुल' और 'बुड्ढा... होगा तेरा बाप' जैसी हिट फिल्मों में काम किया था। इन सभी फिल्मों में हेमा मालिनी के साथ बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन नजर आए थे।

फिल्मों से दूर हैं हेमा मालिनी
आपको बता दें कि इस साल की शुरुआत में शर्मिला टैगोर ने 13 साल के अंतराल के बाद ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार की फिल्म 'गुलमोहर' के साथ स्क्रीन पर वापसी की, जिसे फिल्म समीक्षकों द्वारा काफी तारीफें मिलीं। वहीं जया बच्चन और धर्मेंद्र हाल ही में बॉलीवुड के फेमस फिल्म मेकर करण जौहर की फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' में नजर आए थे।वहीं मथुरा से दो बार सांसद रहीं हेमा मालिनी काफी समय से फिल्मों से दूर हैं।
'सभी प्रोड्यूसर्स आगे आएं और मुझे साइन करें'
पीटीआई से बात करते हुए 74 वर्षीया हेमा मालिनी ने कहा- मैं फिल्में करना चाहूंगी। अगर मुझे कुछ अच्छे रोल मिलेंगे तो निश्चित रूप से मैं बड़े पर्दे पर वापसी करूंगी। मैं चाहूंगी कि सभी प्रोड्यूसर्स आगे आएं और मुझे साइन करें। मैं अभी भी इंडस्ट्री में ही हूं। अक्टूबर 2023 में हेमा मालिनी की सुपरहिट फिल्म 'बागबान' अपने 20 साल पूरे कर लेगी। इस फिल्म में हेमा मालिनी के साथ अमिताभ बच्चन नजर आए थे। इस पारिवारिक ड्रामा फिल्म ने सिनेमाघरों में धूम मचा दी थी।
'अमिताभ बच्चन के साथ काम करना एक अद्भुत अनुभव'
साल 2003 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म 'बागवान' में अमिताभ बच्चन के साथ काम करने को याद करते हुए हेमा मालिनी ने कहा कि उनकी इच्छा है कि वह दोबारा बिग बी के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर करें। उन्होंने कहा- काश हमने 'बागबान' के बाद और अधिक काम किया होता, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। हमारी जोड़ी ने पहले भी कई फिल्मों में काम किया है। अमिताभ बच्चन के साथ काम करना एक अद्भुत अनुभव होता है।
'मेरी और बिग बी की जोड़ी को लोग करते हैं पसंद'
हेमा मालिनी ने आगे कहा- उस समय भी, मैंने कुछ वर्षों के अंतराल के बाद एक फिल्म की थी, जो कि 'बागबान' मूवी थी। इसलिए, मैं थोड़ा झिझक रही थी लेकिन मैंने वो फिल्म की। मेरी और अमिताभ बच्चन की जोड़ी को सभी लोगों ने पसंद भी किया। फिल्म की कहानी भी बहुत अच्छी थी और दर्शकों को खूब पसंद आई थी।












Click it and Unblock the Notifications