'सोढ़ी' ने 'तारक मेहता' जैसे हिट शो को क्यों छोड़ा? सालभर बाद तोड़ी चुप्पी
नई दिल्ली, 9 अक्टूबर: 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में रोशन सोढ़ी के पहले किरदार यानि गुरुचरण सिंह को लोगों ने खूब पसंद किया, लेकिन सालभर पहले उन्होंने शो को छोड़ दिया था। उस दौरान उन्होंने इसकी वजह नहीं बताई। उनके जाने के बाद मेकर्स ने बलविंदर सिंह को जगह दे दी, लेकिन आज भी गुरुचरण सिंह हर जगह सोढ़ी के नाम से मशहूर हैं। अब एक इंटरव्यू में उन्होंने शो को छोड़ने के बारे में बात की है।

2013 में भी छोड़ा था शो
गुरुचरण सिंह के मुताबिक उन्होंने 2013 में ही 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' को छोड़ दिया था, लेकिन उस वक्त दर्शकों को उनका किरदार बहुत पसंद था, जिस वजह से मेकर्स ने उनको दोबारा बुला लिया। फिर 6-7 साल तक सब ठीक चला, लेकिन 2020 में उन्होंने शो को पूरी तरह से छोड़ दिया। इसके बाद से वो टीवी इंडस्ट्री से गायब ही हो गए। उन्होंने किसी भी सीरियल में कोई किरदार नहीं निभाया।

'बात नहीं करना चाहते'
एक्टर के मुताबिक उस दौरान उनके पिता की सर्जरी होनी थी, जिस वजह से उन्होंने शो से बाहर होने का फैसला लिया। इसके अलावा भी कई कारण थे और उनको लाइफ में आगे बढ़ना था। उन सब कारण और हालात को देखते हुए उन्होंने शो को छोड़ दिया, अब वो उस बारे में ज्यादा बात नहीं करना चाहते हैं।

क्या पेमेंट में देरी थी वजह?
आपको बता दें कि जब गुरुचरण ने शो को छोड़ा, तो पेमेंट को वजह बताई गई थी। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि उनको वक्त से पैसे नहीं मिल रहे थे। हाल के इंटरव्यू में जब उनसे ये सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि मैं प्यार के साथ आगे बढ़ना पसंद करता हूं। हालांकि उन्होंने ये नहीं बताया कि उनको पूरे पैसे मेकर्स ने दिए थे या नहीं।

नट्टू काका को दी श्रद्धांजलि
वहीं हाल ही में नट्टू काका का किरदार निभाने वाले घनश्याम नायक का निधन हो गया। वो काफी दिनों से कैंसर से पीड़ित थे। उनके निधन के बाद गुरुचरण ने एक फोटो शेयर की। जिसमें वो नट्टू काका के साथ मौजूद थे। उन्होंने उस पोस्ट के जरिए अपने साथी किरदार को श्रद्धांजलि दी।












Click it and Unblock the Notifications