जुनैद खान और खुशी कपूर को फराह खान ने सिखाया डांस, बोलीं- 'मैं खान और कपूर परिवार की दो पीढ़ी'
कोरियोग्राफर से डायरेक्टर बनीं फराह खान ने हाल ही में कहा कि आज के नए सितारों के साथ काम करना उनके लिए एक इमोशनल अनुभव है क्योंकि ये उन बड़े सितारों के बच्चे हैं, जिनके साथ उन्होंने अपने करियर की शुरुआत में काम किया था। उन्होंने बताया कि जब वह इन स्टार किड्स को परफॉर्म करते हुए देखती हैं, तो उन्हें उनके पेरेंट्स के साथ बिताए गए दिन याद आ जाते हैं।
फराह खान ने आमिर खान के बेटे जुनैद खान और दिवंगत एक्ट्रेस श्रीदेवी की बेटी खुशी कपूर को कोरियोग्राफ करने के अनुभव पर बात की। उन्होंने कहा, "यह मेरे लिए एक अद्भुत अनुभव था क्योंकि मुझे याद है, जब मैंने आमिर के साथ जो जीता वही सिकंदर में काम किया था। उसी दौरान जुनैद का जन्म हुआ था। हम सभी मंसूर और बाकी दोस्तों के साथ उनके घर उन्हें बधाई देने गए थे। श्रीदेवी के साथ भी मेरा खास रिश्ता था। मैं श्रीदेवी, बोनी और पूरे कपूर परिवार के काफी करीब थी। मेरे लिए उनके बच्चों के साथ काम करना बेहद खास और खूबसूरत अनुभव था।"

फराह ने आगे कहा, "यह अजीब सा लगता है कि मैं इतने लंबे समय से इंडस्ट्री में हूं। मुझे ऐसा महसूस नहीं होता, लेकिन जब मैं इन लोगों के साथ शूट करती हूं, तो एहसास होता है कि, ओह माय गॉड, मैंने अपने करियर की शुरुआत आमिर के साथ की थी और अब मैं उनके बेटे को कोरियोग्राफ कर रही हूं।"
बता दें, आमिर खान भी फिल्म की तारीफ कर चुके हैं। उन्होंने कहा, "मैंने इस फिल्म का अभी सिर्फ रफ कट (फिल्म फाइनल एडिट होने के पहले) देखा है और सच कहूं तो मुझे ये फिल्म काफी पसंद आई। ये बहुत एंटरटेनिंग और मजेदार है। आजकल हमारी जिंदगी मोबाइल फोन की वजह से काफी बदल गई है, और उससे जुड़ी जो मजेदार बातें होती हैं, वो इसमें दिखाई गई है। सभी एक्टर्स ने बढ़िया काम किया है। जब मैंने फिल्म देखी और खुशी (कपूर) को स्क्रीन पर देखा, तो ऐसा लगा जैसे मैं श्रीदेवी जी को देख रहा हूं। वही एनर्जी, वही फील स्क्रीन पर झलक रही थी। मैं खुद श्रीदेवी का बहुत बड़ा फैन हूं।"
लवयापा मॉडर्न रोमांस की दुनिया में सेट है। जो एक खास तरह का इमोशन भी फिल्म में कैरी करती है। फिल्म न केवल रोमांस को एक नई तरह से दिखाती है, बल्कि इसमें ऐसी बातें भी हैं जो दर्शकों को लंबे समय तक याद रहेंगी। बता दें, लवयापा 7 फरवरी, 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। इसे लाल सिंह चड्ढा डायरेक्ट करने वाले अद्वैत चंदन ने बनाया है।












Click it and Unblock the Notifications