बेटी की तरह विदा की गईं दीपिका चिखलिया, मिथिला के लोगों ने मां सीता की तरह पूजा, वीडियो में रोने लगीं एक्ट्रेस
Dipika Chikhlia: रामायण की सीता माता यानी दीपिका चिखलिया को एक बेटी की तरह मिथिला से विदा किया गया। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि दीपिका की मां सीता की तरह पूजा की जा रही है।

Dipika Chikhlia: टीवी के मशहूर पौराणिक धारावाहिक 'रामायण' की माता सीता यानी एक्ट्रेस दीपिका चिखलिया इस समय सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। आपको बता दें कि कई लोग ऐसे हैं जो आज के समय में भी उन्हें सीता माता ही मानते हैं और उन्हें पूजते भी हैं। एक बार फिर से कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला है। ये तब हुआ है जब दीपिका चिखलिया मिथिला पहुंची थीं। मिथिला से जिस तरह से उनकी विदाई हुई उसे देखकर दीपिका भावुक हो गई थीं।
दीपिका चिखलिया पहुंचीं मिथिला
रामायण की सीता माता यानी दीपिका चिखलिया ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दो वीडियो पोस्ट किए हैं जिसे देखने के बाद फैंस ने भी अलग-अलग रिएक्शन्स दिए हैं। दीपिका चिखलिया ने जो वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है, वो मिथिल का है। हालांकि दीपिका मिथिला क्यों गई थीं इस बात का पता नहीं चल पाया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि दीपिका चिखलिया को मिथिला से बिल्कुल वैसे ही विदा किया गया जैसे एक बेटी को विदा किया जाता है।
दीपिका चिखलिया का वीडियो हुआ वायरल
मिथिला की महिलाओं ने दीपिका चिखलिया के साथ वो सारी रसमें निभाई जो कि एक मां निभाती है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एक महिला नम आंखों से एक्ट्रेस को विदा कर रही हैं। उनको पानी पिलाती हैं और गोद खाली न रहे, इसलिए उनकी कमर में कुछ थैला-जैसा बांधती हैं। इसके बाद वह दोनों भावुक हो जाते हैं और गले मिलते हैं। दीपिका का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हे रहा है।
मां सीता की तरह मिथिला से हुई विदाई
इस वीडियो को शेयर करते हुए एक्ट्रेस दीपिका चिखलिया ने लिखा है- मिथिला में सीताजी की विदाई। उन्होंने मुझे ये महसूस कराने के लिए सब कुछ किया कि मैं उनकी ही बेटी हूं। मैं तो रामायण के काल में खो गई थी। लोग दीपिका चिखलिया के इस पोस्ट पर जमकर कमेंट्स कर रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा है- मिथिला में हमेशा आपका स्वागत रहेगा। आपका मायका ही है ये। वहीं एक शख्स ने कमेंट करते हुए लिखा है- यही है बिहार की संस्कृति... मिथिला की संस्कृति... मां सीता की जन्मभूमि की संस्कृति।
भावुक हुईं दीपिका चिखलिया
वहीं दूसरे वीडियो में दीपिका चिखलिया ने लोगों से बात करते हुए कहा है- मैं क्या बोलूं? इतना प्यार दिया है यहां पर कि मेरी आंख भर आई है। मुझे नहीं पता कि मुझे क्या कहना चाहिए। उन्होंने मुझे गोद में रखने के लिए कुछ सामान दिया। साथ ही पानी भी दिया। दरअसल कहते हैं कि घर से बेटी सूखा गला करके नहीं जाती है और खाली गोद भी नहीं जाती है। दीपिका ने आगे कहा- उन सभी को लगता है कि मैं सीता माता ही हूं। इतना बोलते ही दीपिका चिखलिया इमोशनल हो गईं और रोने लगीं।












Click it and Unblock the Notifications