'मैं दिलजीत दोसांझ की पत्नी नहीं हूं, कुछ 'खास' लोग'..., Diljit की हीरोइन ओशिन बरार का चौंकाने वाला खुलासा
Diljit Dosanjh and Oshin Brar: पिछले कुछ समय से पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ सुर्खियों में छाए हुए हैं। दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'अमर सिंह चमकीला' लोगों को खूब पसंद आई है और इस फिल्म में उनकी एक्टिंग की भी जमकर तारीफ हो रही है। इसी बीच उनकी कथित 'पत्नी' के साथ कई तस्वीरें ऑनलाइन लीक हुई थीं जिसे लेकर सोशल मीडिया पर काफी बवाल मचा था।
ओशिन बरार का चौंकाने वाला खुलासा
बाद में ये स्पष्ट हुआ था कि लीक हुईं तस्वीरें दिलजीत दोसांझ की पत्नी की नहीं, बल्कि उनकी को-एक्ट्रेस ओशिन बरार की थीं। ओशिन और दिलजीत ने साल 2015 में रिलीज हुई फिल्म 'मुख्तियार चड्ढा' में साथ काम किया था। फिलहाल द इंडियन एक्सप्रेस को दिए एक इंटरव्यू में, ओशिन (जिनकी तस्वीरें दिलजीत दोसांझ की 'पत्नी' के रूप में वायरल हुईं) ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।

'कुछ 'खास' लोग नहीं चाहते कि मैं दिलजीत के साथ काम करूं'
ओशिन बरार ने कहा है कि कुछ 'खास' लोग नहीं चाहते हैं कि वह भविष्य में कभी भी दिलजीत दोसांझ के साथ काम करें। उन्होंने इंटरव्यू में बताया- मुझे लगता है कि कोई नहीं चाहता था कि मैं उनके साथ फिल्म प्रमोशन (मुख्त्यार चड्ढा के लिए) करूं, भले ही मैं फिल्म की लीड हीरोइन थी और फिर कोई नहीं चाहता था कि मैं उनके साथ कभी भी काम करूं। मैं अभी भी इस व्यवहार और कॉल के बारे में अनजान हूं।
ओशिन ने कहा- मैं उस समय सिर्फ 19 साल की थी
ओशिन बरार ने आगे कहा- ऐसा इसलिए हो सकता है क्योंकि मैं सिर्फ 19 साल की थी और मैंने अपने दोनों डेब्यू प्रोजेक्ट दिलजीत दोसांझ के साथ ही किए थे। ईमानदारी से कहूं तो मेरे लिए इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, मुझे इससे कोई पॉपुलैरिटी नहीं चाहिए। उनके साथ काम करके मैंने बहुत कुछ सीखा है। मैं केवल 19 साल की थी और उन्होंने शूटिंग के दौरान फिल्म के किरदार को समझने में मेरी बहुत मदद की थी। दिलजीत पूरी टीम के साथ प्यार और सम्मान से व्यवहार करते हैं।
शादीशुदा होने की अफवाहें उड़ी थीं
ओशिन बरार ने अपनी और दिलजीत दोसांझ की उन तस्वीरों के बारे में भी बात की, जिनसे दोनों के शादीशुदा होने की अफवाहें उड़ी थीं। सभी अटकलों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा- मुझे नहीं पता कि लोगों को क्यों लगा कि मैं उनकी पत्नी हूं।
ओशिन ने पहले दिया था ऐसा बयान
कुछ दिनों पहले रेडिट पर ओशिन बरार का एक कथित बयान सामने आया था। इसमें उन्होंने लिखा था- कुछ समय पहले मैंने एक मॉडल के रूप में काम किया था और दिलजीत दोसांझ के साथ फिल्म 'मुख्तियार चड्ढा' के लिए शून शान नामक एक म्यूजिक वीडियो शूट किया था।
दिलजीत दोसांझ की पत्नी के रूप में वायरल हुई थीं फोटोज
ओशिन ने लिखा था- इसके बाद मुझे मेरे दोस्तों और रिश्तेदारों ने अवगत कराया कि इंटरनेट पर मेरी फोटोज 'दिलजीत दोसांझ की पत्नी' के रूप में इस्तेमाल की जा रही है। सबसे पहले मुझे इस बात पर हंसी आई क्योंकि मुझे नहीं पता था कि ये कैसे हुआ। इसके बाद मैंने यूट्यूब और क्योरा पर कुछ सवालों के जवाब भी दिए। मैंने कभी नहीं सोचा था कि ये फोटोज इतने सालों बाद भी हंगामा मचा देंगी।
'मैं संदीप कौर नहीं हूं, ओशिन बरार हूं'
ओशिन बरार ने लिखा था- ये खबर बार-बार वायरल होती रहती है। मैं सिर्फ ये स्पष्ट करना चाहती हूं कि ये तस्वीर मेरी है और ये मैं ही हूं, संदीप कौर नहीं। मैं अपने आप को और अधिक परेशान नहीं करना चाहती। यदि आप सब मुझ पर एक उपकार करना चाहते हैं तो, इस तस्वीर को लेकर कोई टिप्पणी न करें और सभी को बताएं कि तस्वीर में मौजूद लड़की उनकी पत्नी नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications