'सरदार जी 3' से हानिया आमिर को नहीं हटाया, यूजर्स ने बायकॉट करने की मांग की, बोले- 'दिलजीत देशद्रोही'
दिलजीत दोसांझ हमेशा चर्चा में बने रहते हैं। इन दिनों वो अपनी आने वाली पंजाबी कॉमेडी फिल्म 'सरदार जी 3' के लिए खबरों में हैं। रविवार की शाम दिलजीत की इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ। जिसमें पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर भी दिखाई दे रही हैं। 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद हानिया को फिल्म से हटाने की अटकलें लगाई जा रही थीं। लेकिन ट्रेलर में उन्हें देखने के बाद अब सारी खबरों पर विराम लग गया है।
फिल्म में हानिया आमिर को देखने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स काफी गुस्से में हैं और फिल्म को बॉयकॉट करने की मांग कर रहे हैं। दिलजीत ने रविवार शाम को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर 'सरदार जी 3' का ट्रेलर शेयर किया। इसके साथ उन्होंने लिखा, 'सरदार जी 3' 27 जून को सिर्फ विदेशों में रिलीज होगी। इससे ये समझ में आ रहा है कि फिल्म भारत में रिलीज नहीं होगी।

ब्लॉक हुआ वीडियो
भारतीय दर्शकों ने तुरंत ध्यान दिया कि ट्रेलर को भारत में जियो-ब्लॉक कर दिया गया है। यूट्यूब पर वीडियो चलाने पर स्क्रीन पर मैसेज आता है, "अपलोड करने वाले ने यह वीडियो आपके देश में उपलब्ध नहीं कराया है।" इस वजह से भारतीय दर्शक इसे नहीं देख पा रहे हैं। दरअसल, 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद यह अनुमान लगाया जा रहा था कि फिल्म हानिया आमिर को हटा दिया जाएगा। हानिया इस फिल्म में लीड रोल में हैं। पहलगाम हमले में 26 पर्यटकों की जान चली गई थी। जिसके बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्ते और भी खराब हो गए थे।
सर्टिफिकेट रोकने की मांग की थी
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद हानिया का इंस्टाग्राम अकाउंट भी भारत में ब्लॉक कर दिया गया था। बताया जाता है कि उन्होंने भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत को लेकर कुछ विरोधी टिप्पणियां की थीं। 11 जून को फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से 'सरदार जी 3' का सर्टिफिकेशन रोकने का आग्रह किया था। क्योंकि इसमें कुछ पाकिस्तानी कलाकार भी शामिल हैं। हानिया आमिर के अलावा नासिर चिन्योती, डेनियल खावर और सलीम अलबेला भी फिल्म में हैं।
दिलजीत पर फूटा लोगों का गुस्सा
दिलजीत की फिल्म 'सरदार जी 3' को सोशल मीडिया पर बॉयकॉट करने की मांग की जा रही है। एक यूजर ने लिखा, "दिलजीत ने पहलगाम पर एक ट्वीट नहीं किया था, क्योंकि वे अपनी इस फिल्म को बचाना चाहते थे। इस फिल्म को बैन करो।" एक अन्य यूजर ने लिखा, "कंगना रनौत सही थी।" अन्य यूजर ने लिखा, "दिलजीत देशद्रोही है। दिलजीत प्रो पाकिस्तानी है। इस फिल्म को सपोर्ट नहीं मिलना चाहिए।"
'सरदार जी 3' में पाकिस्तानी कलाकारों की मौजूदगी और भारत में ट्रेलर को जियो-ब्लॉक किए जाने के कारण फिल्म विवादों में घिर गई है। सोशल मीडिया पर फिल्म को बॉयकॉट करने की मांग लगातार बढ़ रही है, जिससे फिल्म की रिलीज पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications