'Bulli Bai' row : जावेद अख्तर ने PM मोदी की चुप्पी पर उठाए सवाल, जानिए किसको कहा Idiots?
नई दिल्ली, 04 जनवरी। 'बुल्ली बाई' एप को लेकर मचा बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। राजनेता से लेकर अभिनेता तक इस मामले पर पीएम मोदी से जवाब मांग रहे हैं तो वहीं इस मसले पर अब मशहूर लेखक और गीतकार जावेद अख्तर ने भी पीएम मोदी की चुप्पी पर प्रश्न खड़े किए हैं। जावेद अख्तर ने एक ट्वीट के जरिए इस मामले पर अपनी पीड़ा व्यक्त की है।

जावेद अख्तर ने पूछा-क्या यही सबका साथ है?'
अख्तर ने ट्वीट किया है कि 'इस मामले में लोगों की चुप्पी देखकर वह हैरान हैं। सैकड़ों महिलाओं की ऑनलाइन नीलामी हो रही है। यहां धर्म संसद चल रही है जिसमें सेना एवं पुलिस से कहा जा रहा है कि वे जाकर 20 करोड़ भारतीयों का नरसंहार करें। इन सभी मामलों में खासकर अपने प्रधानमंत्री एवं अन्य लोगों की चुप्पी देखकर मैं काफी दुखी हूं।'

' idiots ने मेरे परदादा को गालियां देनी शुरू कर दीं'
76 वर्षीय गीतकार जावेद अख्तर ने कहा जो भी हो रहा है वो काफी परेशान करने वाला है। उन्होंने इस बारे में एक और ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा कि 'जिस क्षण मैंने महिलाओं की ऑनलाइन नीलामी के खिलाफ आवाज उठाई, उसी वक्त गोडसे का महिमामंडन करने वालों और सेना पुलिस को नरसंहार का उपदेश देने वाले लोगों ने मेरे परदादा स्वतंत्रता सेनानी को गालियां देनी शुरू कर दीं, जिनकी मृत्यु 1864 में काला पानी में हुई थी। ऐसे लोग idiots हैं।'

एक संदिग्ध व्यक्ति अरेस्ट
आपको बता दें 'बुल्ली बाई' एप पर कुछ चर्चित मुस्लिम महिलाओं की फोटो को छेड़छाड़ करके नीलामी के लिए पोस्ट किया गया था। इससे पहले 'सुल्ली बाई' एप पर भी इस तरह की घटना सामने आई थी। इस एप की खबर सामने आने के बाद विवाद शुरू हो गया है। राहुल गांधी समेत कई बड़े राजनेता इस बारे में केंद्र सरकार पर निशाना साध चुके हैं। हालांकि 'बुल्ली बाई' एप के खिलाफ आवाज उठने पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को भी बेंगलुरु से अरेस्ट किया है।

'यह बीमार कर देने वाला है'
इस बारे में जावेद अख्तर के पुत्र फरहान ने भी Tweet किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि 'यह बीमार कर देने वाला है। इस घटिया काम के पीछे जिनका हाथ है, उनके खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई के लिए पुलिस से अनुरोध करता हूं।'
क्या है 'बुल्ली बाई' एप
यह एप 1 जनवरी को प्रकाश में आया। जिस पर क्लिक करने पर एक मुस्लिम महिला को 'बुल्ली बाई' के रूप में शो किया जाता है। उसकी फोटो पर क्लिक करने पर उसके बारे में अश्लील बातें सामने आती हैं और उसके बाद उसकी नीलामी के लिए बोली लगाई जाती है। इस एप के खिलाफ इस वक्त आम से लेकर खास लोग विरोध कर रहे हैं और जल्द से जल्द इसके खिलाफ एक्शन की बात कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications