Border 2 Teaser Release: 'बॉर्डर 2' का धमाकेदार टीजर रिलीज, अब आएगा तूफान, देशभक्ति और एक्शन ने जीता दिल
Border 2 Teaser Release: साल 2025 बॉलीवुड के लिए कई यादगार लम्हे लेकर आया है लेकिन इनमें सबसे खास 'बॉर्डर 2' का टीजर रिलीज रहा है। आज यानी 16 दिसंबर 2025 (मंगलवार) विजय दिवस के पावन अवसर पर जारी हुए इस टीजर ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है।
'बॉर्डर 2' का टीजर रिलीज
टीजर में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी की दमदार मौजूदगी के साथ देशभक्ति, बलिदान और हाई-ऑक्टेन एक्शन की झलक देखने को मिल रही है।

मेजर कुलदीप सिंह की दहाड़ से दुश्मन कांपेंगे
एक बार फिर ऐसा लग रहा है कि पर्दे पर मेजर कुलदीप सिंह की दहाड़ से दुश्मन कांपने वाले हैं। टीजर के कुछ ही सेकंड ये साफ कर देते हैं कि 'बॉर्डर 2' सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि भारतीय जांबाजों को समर्पित एक भावनात्मक सलाम होने वाली है।
टीजर में गूंजे दमदार डायलॉग, सनी देओल हुए हाईलाइट
-टीजर की शुरुआत ही ऐसे डायलॉग से होती है जो सीधे दिल में उतर जाता है- टतुम जहां से भी घुसने की कोशिश करोगे, आसमान से, जमीन से या समुंदर से, सामने एक हिंदुस्तानी फौजी खड़ा पाओगे।' और अंत होता है इस लाइन के साथ- 'आवाज कहां तक जानी चाहिए... लाहौर तक।'
-इन दोनों ही डायलॉग्स को सनी देओल अपने सिग्नेचर अंदाज में बोलते नजर आते हैं। उनका स्क्रीन प्रेजेंस, आंखों में गुस्सा और आवाज में देशभक्ति- सब कुछ 1997 की बॉर्डर मूवी की याद दिला देता है।
फिल्म की कहानी में भावनात्मक गहराई
टीजर में सिर्फ सनी देओल ही नहीं बल्कि वरुण धवन एक बहादुर सैनिक के रूप में गंभीर और इंटेंस अवतार में नजर आते हैं। दिलजीत दोसांझ अपने शांत लेकिन मजबूत व्यक्तित्व से असर छोड़ते हैं। वहीं अहान शेट्टी एक्शन सीन्स में जोश और एनर्जी भरते दिखते हैं। इसके साथ ही फिल्म की हीरोइनों की भी झलक दिखाई गई है जो कहानी में भावनात्मक गहराई जोड़ने का संकेत देती है।
'बॉर्डर 2' की कहानी और रिलीज डेट
फिल्म 'बॉर्डर 2' साल 1997 में आई क्लासिक फिल्म बॉर्डर का सीक्वल है, जिसने भारतीय सिनेमा में देशभक्ति फिल्मों की परिभाषा बदल दी थी। ये बहुप्रतीक्षित फिल्म आगामी 23 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस वीकेंड पर सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। टीजर और पोस्टर ने पहले ही दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है और इसे साल 2026 की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक माना जा रहा है।
'बॉर्डर 2' की स्टारकास्ट और मेकिंग
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 'बॉर्डर 2' का बजट करीब 300 करोड़ रुपए बताया जा रहा है जो इसे एक मेगा-बजट वॉर फिल्म बनाता है। इस फिल्म के डायरेक्टर अनुराग सिंह हैं। वहीं इस मूवी को जे.पी. दत्ता और भूषण कुमार ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी, सोनम बाजवा, मेधा राणा और मोना सिंह अहम किरदार में नजर आएंगी।
क्यों खास है फिल्म 'बॉर्डर 2'?
-'बॉर्डर 2' का टीजर यह साफ कर देता है कि फिल्म देशभक्ति से लबरेज होगी,बड़े स्तर पर युद्ध के सीन दिखाए जाएंगे, दमदार डायलॉग्स और इमोशनल ड्रामा होगा और भारतीय सेना के साहस को भव्य श्रद्धांजलि दी जाएगी।
-कुल मिलाकर 'बॉर्डर 2' का टीजर दर्शकों की उम्मीदों पर खरा उतरता नजर आ रहा है। अब फैंस बेसब्री से ट्रेलर और फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications