बॉलीवुड आर्ट डायरेक्टर नितिन देसाई की मौत, स्टूडियो में फांसी के फंदे पर लटकते पाए गए
Art director Nitin Desai Death: बॉलीवुड इंडस्ट्री से एक बुरी खबर सामने आ रही है। खबर है कि बॉलीवुड के मशहूर आर्ट डायरेक्टर नितिन देसाई कर्जत के पास खालापुर रायगढ़ में अपने एनडी स्टूडियो में मृत पाए गए हैं। उनकी मौत की खबर से हर कोई सदमे में है। आपको बता दें कि आगामी 9 अगस्त को नितिन देसाई का 58वां जन्मदिन होने वाला था। दिवंगत नितिन देसाई ने '1942 ए लव स्टोरी' 'हम दिल दे चुके सनम', 'स्वदेस', 'खाकी', 'लगान' और 'देवदास' जैसी फिल्मों का आर्ट डायरेक्शन किया था। आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने आत्महत्या कर ली है।
नितिन देसाई ने की आत्महत्या
वहीं कर्जत के स्थानीय विधायक, महेश बाल्दी (भाजपा) ने एएनआई के कैमरे पर पुष्टि की है कि नितिन देसाई की वित्तीय संकट के कारण आत्महत्या से मृत्यु हो गई है। बाल्दी ने कहा है- नितिन देसाई का एनडी स्टूडियो मेरे विधानसभा क्षेत्र में आता है। वह काफी दिनों से आर्थिक तंगी में चल रहे थी और उसी के चलते उन्होंने आज सुबह एनडी स्टूडियो में आत्महत्या कर ली।

महेश बाल्दी का बयान
महाराष्ट्र के विधायक महेश बाल्दी ने आमिर खान की सुपरहिट फिल्म 'लगान' के कला निर्देशक नितिन देसाई की मौत की पुष्टि करते हुए कहा- नितिन देसाई आर्थिक तनाव में थे और आत्महत्या का यही एकमात्र कारण हो सकता है।
पुलिस ने खोला ये राज
वहीं रायगढ़ के एसपी ने कहा- हमें कला निर्देशक नितिन देसाई का शव कर्जत में उनके स्टूडियो में लटका हुआ मिला है। सेट पर एक कर्मचारी ने पुलिस को इस बारे में सूचित किया था। जब पुलिस टीम स्टूडियो पहुंची तो हमने उनके शरीर को लटका हुआ देखा। हम इसकी वजह पता लगाने के लिए मामले की आगे की जांच कर रहे हैं।
नितिन देसाई का करियर
आपको बता दें कि अपने 20 साल के करियर में नितिन देसाई ने आशुतोष गोवारिकर, विधु विनोद चोपड़ा, राजकुमार हिरानी और संजय लीला भंसाली जैसे बड़े निर्देशकों के साथ काम किया है। साल 2002 में, वह चंद्रकांत प्रोडक्शंस की 'देश देवी' के साथ फिल्म निर्माता बन गए थे, जो कच्छ की देवी माता पर एक भक्ति फिल्म थी। साल 2005 में, उन्होंने मुंबई के पास कर्जत में 52 एकड़ में फैला अपना एनडी स्टूडियो खोला था जिसमें जोधा अकबर, ट्रैफिक सिग्नल और कलर्स चैनल के फेमस रिएलिटी शो बिग बॉस की शूटिंग की गई है।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications