'बिग बॉस' के इस कंटेस्टेंट को शो के बीच से किया गया गिरफ्तार, असली टाइगर का पंजा लेकर...
Bigg Boss Varthur Santhosh: हिंदी टीवी रिएलिटी शो बिग बॉस 17 की तरह ही साउथ के टेलीविजन इंडस्ट्री में भी ये शो काफी पॉपुलर है। ऐसे में बिग बॉस शो को कई अन्य भाषाओं में भी बनाया गया है और ये सुपरहिट भी साबित हो रही हैं। साउथ इंडस्ट्री में भी रिएलिटी शो बिग बॉस का काफी बोलबाला है। फिलहाल 'बिग बॉस कन्नड़' सुर्खियों में छाया हुआ है। बिग बॉस कन्नड़ के 10वें सीजन में नजर आ रहे कंटेस्टेंट वर्थुर संतोष मुसीबत में फंस गए हैं। खबर है कि उन्हें शो के बीच से ही गिरफ्तार कर लिया गया है।
कंटेस्टेंट वर्थुर संतोष गिरफ्तार
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो कंटेस्टेंट वर्थुर संतोष 'बिग बॉस कन्नड़' में टाइगर के पंजे का बना लॉकेट पहने दिखाई दिए थे। इसे देखने के बाद ही वन विभाग की टीम हरकत में आई और शो में जाकर वर्थुर संतोष को गिरफ्तार कर लिया गया। वर्थुर के खिलाफ गैर जमानती धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

शो के बीच से ही वन विभाग की टीम ने किया गिरफ्तार
आपको बता दें कि वन विभाग की टीम गत 22 अक्टूबर 2023 को रिएलिटी शो बिग बॉस कन्नड़ 10 के सेट पर पहुंची थी। वन विभाग के अधिकारियों ने बिग बॉस मेकर्स की टीम से घर में जाकर वर्थुर संतोष के गले में पहनी हुई चेन लाने के लिए कहा। जांच में ये बात साबित हो गई कि वर्थुर संतोष ने जो चेन पहनी थी, उसमें असली टाइगर का ही पंजा था। इसके बाद वन विभाग की टीम ने 'बिग बॉस कन्नड़' मेकर्स से वर्थुर संतोष को उन्हें सौंपने के लिए कहा। कुछ ही घंटे बाद वर्थुर संतोष 'बिग बॉस कन्नड़ 10' के घर से बाहर आए और वन विभाग की टीम उन्हें गिरफ्तार करके अपने साथ ले गई।
असली टाइगर के पंजे का लॉकेट पहना था
इस पूरे मामले पर डिप्टी वन संरक्षक रविंद्र कुमार ने इंडियाटुडे से बात करते हुए कहा है- वर्थुर संतोष को बिग बॉस कन्नड़ 10 के एपिसोड में टाइगर के पंजे पहने हुए देखे जाने के बाद लोगों ने सार्वजनिक रूप से उनके खिलाफ शिकायत की थी। शिकायत के बाद हम कोमाघट्टा के पास 'बिग बॉस स्टूडियो' में इसकी जांच करने के लिए गए थे। हमने बिग बॉस मेकर्स की टीम से वर्थुर संतोष का लॉकेट हमें सौंपने के लिए कहा। कुछ समय तक टाल-मटोल करने के बाद वह इसे हमें सौंपने पर सहमत हुए। फिर जांच में सबकुछ खुलकर सामने आ गया।
जानें कौन हैं वर्थुर संतोष
आपको बता दें कि बिग बॉस कन्नड़ 10 में बतौर कंटेस्टेंट पहुंचे वर्थुर संतोष पेशे से एक किसान हैं और वह पशुपालन का काम भी करते हैं। वर्थुर खासतौर से हलिकार गायों की सुरक्षा भी देखते हैं। वह इंस्टाग्राम पर काफी एक्टिव हैं और वहां पर अपने पशुपालन के वीडियो भी शेयर करते रहते हैं। उनकी अच्छी-खआसी फैन फॉलोइंग है।












Click it and Unblock the Notifications