भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव का नया गाना 'अग्निवीर बोलबम' हुआ रिलीज, अग्निपथ स्कीम से है कनेक्शन
अग्निवीर बोलबम गाना अग्निपथ योजना को ध्यान में रखकर बनाया गया है जिसमें खेसारी लाल यादव एक नौजवान के किरदार में नजर आ रहे हैं जो फौज में भर्ती होने के लिए खूब मेहनत करते दिखाई दे रहे हैं।
बिहार, 25 जूनः भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव पिछले कुछ समय से अपने म्यूजिक वीडियोज को लेकर सुर्खियों में छाए हुए हैं। कुछ दिनों पहले ही खेसारी लाल यादव का गाना 'बैंगन ले ला' रिलीज हुआ है जिसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं। इसी बीच उनका एक और नया म्यूजिक वीडियो रिलीज हुआ है जिसमें वह भोलेनाथ के भक्त के रूप में दिख रहे हैं। उनके नए गाने के बोल हैं- 'अग्निवीर बोलबम'। यूट्यूब पर ये म्यूजिक वीडियो जबरदस्त व्यूज ला रहा है और रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस गाने में खेसारी लाल के साथ भोजपुरी एक्ट्रेस मेघाश्री नजर आ रही हैं।

अग्निवीर बोलबम गाने में दिखा खेसारी लाल का ये रूप
खेसारी लाल यादव के म्यूजिक वीडियो अग्निवीर बोलबम के शुरुआत में मेघाश्री के मंदिर में पूजा-आराधना से शुरू होती है। मंदिर से बाहर निकलते ही एक्ट्रेस खेसारी लाल से मिलती हैं। थोड़ी देर दोनों बात करते हैं फिर खेसारी लाल एक्सरसाइज करने लगते हैं। दरअसल वह देश की सेना में भर्ती होने चाहते हैं जिसके लिए वह तैयारी करते नजर आते हैं। इसके बाद अचानक ही खेसारी लाल भगवा वस्त्र पहनकर अपने साथियों के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा करने लगते हैं। यह गाना अग्निपथ योजना को ध्यान में रखकर ही बनाया गया है जिसमें खेसारी लाल यादव एक नौजवान के किरदार में नजर आ रहे हैं जो फौज में भर्ती होने के लिए खूब मेहनत करते दिखाई दे रहे हैं।
अग्निपथ योजना को लेकर बना ये गाना
इस म्यूजिक वीडियो में खेसारी लाल यादव काफी फिट नजर आ रहे हैं। कभी वह रनिंग करते दिखाई दे रहे हैं तो कभी क्रंच एक्सरसाइज करते हुए। इस वीडियो को कुछ ही घंटे में तकरीबन 6 लाख व्यूज मिल चुके हैं और 11 हजार से ज्यादा यूजर्स इस पर कमेंट्स कर चुके हैं। अग्निवीर बोलबम गाना आज 26 भोजपुरी यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुआ है जो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। खेसारी लाल यादवा का ये गाना उस वक्त आया है जब भारतीय सेनाओं में अग्निपथ योजना के जरिए भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications