शादी से पहले गौरी खान के भाई ने शाहरुख खान को बंदूक दिखाकर दी थी धमकी, जानिए क्या थी वजह
मुंबई, 02 नवंबर। बॉलीवुड के 'किंग खान' शाहरुख खान आज (मंगलवार) अपना 56वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर शाहरुख खान के घर मन्नत को दुल्हन की तरह सजाया गया है क्योंकि मौका दो-दों खुशियों का है। जी हां, आर्यन खान की बेल और शाहरुख का जन्मदिन, इन दोनों खुशियों से 'मन्नत' में बहार है। बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख का जन्म 2 नवंबर, 1965 को हुआ था। फिल्म जगत में अपने 30 साल का योगदान देने वाले शाहरुख रियल लाइफ में भी काफी रोमांटिक है। उनकी और गौरी खान की लव स्टोरी के बारे में तो आप जानते ही होंगे।
Recommended Video

शाहरुख खान और गौरी की लव स्टोरी
बॉलीवुड इंडस्ट्री में शाहरुख खान और गौरी खान की जोड़ी की मिसाल दी जाती है। दोनों एक-दूसरे को स्कूल के दिनों से ही जानते थे और 25 अक्टूबर 1991 को अपनी शादी से पहले वर्षों तक डेट करते रहे। हालांकि, लव स्टोरी चाहे फिल्म हो या रियल लाइफ में, उसमें उतार-चढ़ाव तो होते ही हैं। ऐसा ही कुछ गौरी और शाहरुख खान के साथ हुआ। गौरी का परिवार शुरू में इस रिश्ते के खिलाफ था। एक समय था जब शाहरुख को गौरी के भाई विक्रांत ने बंदूक की नोंक पर धमकाया था।

शाहरुख को दुनियाभर से मिली बधाई
सोशल मीडिया के जरिए शाहरुख खान को दुनियाभर से जन्मदिन पर बधाई संदेश मिल रहे हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि शाहरुख और गौरी की शादी से पहले किंग खान को धमकियां भी मिली थीं। एक बार गौरी खान के भाई विक्रांत ने बंदूक दिखाकर शाहरुख को धमकाते हुए गौरी की लाइफ से चले जाने को कहा था। कपल को अपने परिवार को अपनी शादी के लिए मनाने के लिए कई पापड़ बेलने पड़े थे।

गौरी की मां ने ज्योतिषी से ली थी राय
'किंग ऑफ बॉलीवुड: शाहरुख खान एंड द सेडक्टिव वर्ल्ड ऑफ इंडियन सिनेमा' नाम की एक किताब में फिल्म क्रिटिक अनुपमा चोपड़ा के साथ गौरी खान ने अपनी लव स्टोरी के बारे में बात की। किताब से पता चला है कि गौरी के पिता रमेश छिब्बर ने शाहरुख के अभिनय करियर पर आपत्ति जताई थी। गौरी की मां सविता ने शाहरुख और गौरी को अलग करने के लिए ज्योतिषी से भी संपर्क किया था।

भाई ने बंदूक दिखाकर दी थी धमकी
इतना ही नहीं गौरी के भाई विक्रांत ने तो शाहरुख को बंदूक दिखाकर धमकाया था। किताब में बताया गया कि विक्रांत एक गुंडे की छवि वाले इंसान के तौर पर मशहूर थे, उन्होंने शाहरुख को धमकाया लेकिन बंदूक सामने देखने के बाद भी एक्टर डरे नहीं। 2019 में एक अवार्ड शो में शाहरुख ने गौरी के साथ अपने हनीमून के दिनों की बात बताई थी। अवार्ड शो होस्ट कर रहे विक्की कौशल ने दार्जिलिंग में शाहरुख और गौरी की एक फोटो दिखाई और उसके पीछे की कहानी पूछी।

क्या है इस तस्वीर के पीछे की कहानी
शाहरुख ने कहा, यह मेरी पसंदीदा तस्वीर है... जब मेरी शादी हुई थी, मैं बहुत गरीब था, जबकि गौरी मिडिल क्लास और वेल सेटल्ड फैमली से थी। इसलिए जैसे आमतौर पर हर कोई करता है, मैंने उससे वादा किया था कि शादी के बाद, 'मैं तुम्हें पेरिस ले जाऊंगा और तुम्हें एफिल टॉवर दिखाऊंगा'। लेकिन जाहिर है, यह सब झूठ था क्योंकि न तो मेरे पास पैसे थे और न ही मेरे पास हवाई टिकट थी लेकिन किसी तरह मैंने उसे मना लिया।'

पेरिस बोलकर दार्जिलिंग ले गए थे शाहरुख
शाहरुख ने आगे कहा, आखिरकार, हम एक गाने 'राजू बन गया जेंटलमैन' के शूटिंग के लिए दार्जिलिंग जा रहे थे, और मुझे लगा कि गौरी ने भी विदेश यात्रा नहीं की है, वह ज्यादा कुछ नहीं जानती है, इसलिए मैं उसे पेरिस बोलके दार्जिलिंग ले गया। ये हमारा हनीमून है...हमारी शादी के 20-30 दिन बाद। शाहरुख और गौरी ने 25 अक्टूबर 1991 को शादी की, दोनों तीन बच्चे- अबराम, सुहाना और आर्यन खान हैं। गौरी एक इंटीरियर डिजाइनर हैं। शाहरुख के प्रोजक्ट की बात करतें तो वह जल्द ही सिद्धार्थ आनंद की फिल्म 'पठान' में दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम के साथ दिखाई देंगे।
यह भी पढ़ें: शाहरुख खान के जन्मदिन पर रोशनी से जगमगाया मन्नत, फैंस बोले- 'मन्नत तो आज जन्नत बन गया'












Click it and Unblock the Notifications