'मैं मुंबई छोड़ रहा हूं' Anurag Kashyap क्या बॉलीवुड से हुए परेशान? डायरेक्टर का छलका दर्द
Anurag Kashyap: बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर अनुराग कश्यप जिन्हें विवादित बयानों के लिए जाना जाता है। हाल ही में उन्होंने एक चौंकाने वाली घोषणा की, जिसे सुनकर फैंस दंग रह जाएंगे। हाल ही में डायरेक्टर ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा कि वह अब बॉलीवुड से काफी निराश हैं और मुंबई छोड़ना चाहते हैं।
'द हॉलीवुड रिपोर्टर' को दिए इंटरव्यू में अनुराग कश्यप ने फिल्म बनाने की बढ़ती लागतों और मुनाफे पर चिंता जाहिर की। उनका कहना है कि क्रिएटिविटी पर ध्यान देने से ज्यादा स्टार्स की फीस ज्यादा बढ़ती जा रही है, जिससे वह काफी परेशान हो चुके हैं।

अनुराग कश्यप ने कहा, "अब मेरे लिए ये बहुत मुश्किल है कि मैं फिल्मों के साथ प्रयोग करूं, क्योंकि इसका खर्च बढ़ गया है, जिससे मेरे निर्माता मुनाफे और मार्जिन के बारे में सोचते हैं। शुरू से ही, फिल्म शुरू होने से पहले यह तय हो जाता है कि इसे कैसे बेचना है। तो, फिल्म बनाने का जो आनंद था, वह चला गया है। इसलिए मैं अगले साल मुंबई छोड़ना चाहता हूं।"
अनुराग कश्यप ने आगे बताया कि वह मुंबई छोड़ने के बाद कहां जाएंगे और उनका अगला प्लान क्या है। उन्होंने कहा, "मैं अब मुंबई छोड़कर अगले साल साउथ जा रहा हूं। मैं वहा जाना चाहता हूं जहां अभी भी फिल्ममेकिंग में मजा है, नहीं तो मैं बूढ़ा होकर इसी तरह मर जाऊंगा। मैं अपनी इंडस्ट्री से बहुत निराश और परेशान हूं, मैं इस मानसिकता से परेशान हूं।"
अनुराग कश्यप ने टैलेंट एजेंसीज पर निशाना साधा और कहा कि आजकल के एक्टर्स को स्टार बनना है लेकिन एक्टिंग कोई नहीं करना चाहता। इसके अलावा, वह अपने पुराने दोस्तों जैसे अभिनेताओं से भी निराश थे।
अनुराग कश्यप ने कहा कि जिन अभिनेताओं को वह दोस्त मानते थे, उन्होंने उन्हें नजरअंदाज कर दिया, क्योंकि वे चाहते थे कि कश्यप एक खास तरीके से बर्ताव करें। उन्होंने यह भी कहा कि यह स्थिति मलयालम सिनेमा में नहीं है। हाल ही में, अनुराग कश्यप ने अपनी अभिनय की शुरुआत मलयालम फिल्म राइफल क्लब में की, जिसमें वह रैपर हनुमानकाइंड के साथ नजर आए थे।












Click it and Unblock the Notifications