करोड़ों की फीस लेने के बावजूद रेंट पर रहता है ये स्टार, 500 से ज्यादा कर चुका है फिल्में, बोले-'किसके लिए'
Anupam Kher: बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर ने हमेशा अपनी ज़िन्दगी और एक्टिंग करियर में आए संघर्षों को लेकर खुलकर बात की है। हाल ही में, Curly Tales के साथ एक बातचीत में एक्टर ने बताया कि उन्होंने खुद घर खरीदने की बजाय किराए के अपार्टमेंट में रहने का फैसला किया है।
अनुपम खेर ने कहा, "मैं किराए के अपार्टमेंट में रहता हूँ, क्योंकि मैंने ये तय किया है कि मुझे घर का मालिक नहीं बनना है। किसके लिए? हर महीने किराया दो और बस रहो। जिस पैसे से तुम घर खरीद सकते हो, उसे अपने बैंक खाते में रखो और उसी से किराया दो।"

अनुपम खेर से जब ऐसा करने के पीछे की वजह पूछी गई तो उन्होंने कहा, "घर की संपत्ति छोड़ने से अच्छा है कि आप जीते जी लोगों को कुछ दें, बजाय इसके कि लोग आपके मरने के बाद आपकी संपत्ति के लिए आपस में लड़ें। मैंने अपनी मां के लिए शिमला में एक घर खरीदा। यह भी तब, जब मैं उन्हें सात साल पहले मजाक करते हुए कह रहा था कि मैं बड़ा स्टार हूं, तुम मुझसे जो चाहो, कह सकती हो।"
खेर ने कहा कि उन्हें लगा कि मां कुछ नहीं कहेंगी लेकिन मां ने झट से कहा, "मुझे शिमला में एक घर चाहिए।" भले ही परिवार का शिमला में कोई संपर्क नहीं था और उनके पिता के गुजरने के बाद वह वहां नहीं रहते थे, लेकिन एक्टर की मां जो हमेशा किराए के घरों में रहीं, अपने लिए एक घर चाहती थीं।
अनुपम खेर ने अपनी मां की यह इच्छा पूरी की और कहा, "मां ने एक बेडरूम का घर मांगा था, लेकिन मैंने उन्हें आठ बेडरूम का घर दे दिया।" वह हंसते हुए कहते हैं कि उनकी मां बिजली के खर्च को लेकर बहुत सतर्क रहती हैं और बिना जरूरत के कमरों की लाइटें बंद कर देती हैं।
जब उनसे पूछा गया कि क्या उनकी पत्नी और एक्ट्रेस किरण खेर भी उनकी इस सोच से सहमत हैं, तो उन्होंने बताया कि शुरू में किरण को थोड़ा समय लगा, लेकिन अब वह इस फैसले के साथ सहज हो गई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि किरण का अपना घर चंडीगढ़ में है। खेर अपने इस जीवनशैली के लिए दिवंगत रतन टाटा से प्रेरणा लेते हैं। उन्होंने कहा, "देखिए, वह अब नहीं रहे, लेकिन जिस तरह से उन्होंने जीवन जीया, वह एक छोटे से घर में रहते थे और छोटी सी कार में चलते थे।"
अनुपम खेर के वर्कफ्रंट की बात करें तो अपनी हालिया नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई फिल्म विजय 69 के लिए चर्चा में हैं। इस फिल्म में खेर एक 69 साल के आदमी की भूमिका में हैं। फिल्म में चंकी पांडे और मिहिर आहूजा भी हैं। एक्टर की इस फिल्म को काफी पसंद किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: Anupam Kher के मुंबई वाले ऑफिस में हुई चोरी, लाखों रुपये का कीमती सामान उड़ाया












Click it and Unblock the Notifications