Amrish Puri Birth Anniversary: खलनायक ही नहीं, अमरीश पुरी ने इन फिल्मों में बखूबी निभाया था पॉजिटिव किरदार
स्क्रीन पर अमरीश पुरी को विलेन के रूप में देखने पर लगता नहीं था कि वह कभी कोई पॉजिटिव रोल भी निभा सकते हैं।
मुंबई, 22 जूनः बॉलीवुड में अगर किसी नेगेटिव किरदार को अभी भी याद किया जाता है तो उस लिस्ट में दिवंगत अभिनेता अमरीश पुरी का नाम सबसे पहले आता है। बॉलीवुड के सबसे बड़े खलनायकों में उनकी गिनती होती है। लोग उनकी शानदार एक्टिंग और आवाज को आज भी भूल नहीं पाए हैं। अमरीश पुरी को हिंदी सिनेमा का जानदार विलेन माना जाता था। फिल्म 'नायक' का भ्रष्ट नेता हो या फिर 'मिस्टर इंडिया' का मोगैंबो, फिल्म 'कोयला' का दुष्ट जमींदार हो या 'दामिनी' का विलेन वकील। अमरीश पुरी ने अपने हर किरदार में खुद को इस तरह से ढाला था कि देखने वाले को उस समय के लिए उनके टक्कर का कोई खलनायक नजर ही नहीं आता था। स्क्रीन पर उन्हें विलेन के रूप में देखने पर लगता नहीं था कि अमरीश पुरी कभी कोई पॉजिटिव रोल भी निभा सकते हैं। लेकिन उन्होंने इस बात को झूठ साबित कर कुछ अच्छे किरदार भी निभाए थे जिन्हें लोगों ने आज भी याद रखा है। अमरीश पुरी विलेन के रूप में जितने बुरे लगे, उतने ही पॉजिटिव किरदारों को निभाने में अच्छे लगे। अमरीश पुरी ने कई फिल्मों में अच्छे पिता की यादगार भूमिका भी निभाई थी। आज उनका जन्मदिन है। आइए उनकी 90वीं बर्थ एनिवर्सिरी पर फिल्मों में उनके कुछ अच्छे किरदारों के बारे में आपको बताते हैं।

दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे
फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' में अमरीश पुरी ने एक बेटी के पिता का पॉजिटिव रोल निभाया था। वह ठेठ सख्त देसी पिता थे जो चाहते थे कि उनके बच्चे नियमों का पालन करें और उस व्यक्ति से शादी करें जो उन्होंने उनके लिए तय किया है। हालांकि, वह अपने बच्चों से बहुत प्यार करता है और आखिर में चाहता है कि उन्हें उनकी खुशी ही मिले। गलतफहमी के चलते ठुकराए रिश्ते को वह अपनी बेटी के लिए स्वीकार भी कर लेता है।

परदेस
अमरीश पुरी ने 1997 की सुपरहिट फिल्म 'परदेस' में किशोरीलाल की भूमिका निभाई थी। एक एनआरआई जो अपने दोस्त की बेटी गंगा में अपने बेटे के लिए दुल्हन ढूंढता है। वह हर कदम पर सही का साथ देता है। वह उस समय अपनी होने वाली बहू का समर्थन करता है, जब वह उसके बेटे को गलत साबित करती है और उसके गोद लिए बेटे से शादी करने की बात कहती है।

मुझे कुछ कहना है
हर व्यक्ति को बलराम सिंह जैसे बड़े पापा की जरूरत होती है, जैसे तुषार कपूर को फिल्म 'मुझे कुछ कहना है' में मिला था। इस फिल्म में अमरीश पुरी ने न केवल करण को अपनी शर्तों पर अपना जीवन जीने और गलतियां करने के लिए प्रोत्साहित किया, बल्कि उसे कई बातों पर कवर भी किया और उसे हर समय अपने सख्त पिता की डांट से भी बचाया था।

मुझसे शादी करोगी
फिल्म 'मुझसे शादी करोगी' में अमरीश पुरी ने एक सहनशील व्यक्ति का किरदार निभाया था। सबसे मजेदार लेकिन बदकिस्मत कैरेक्टर कर्नल दुगराज सिंह, जो हमेशा गलत समय पर गलत जगह पर होता था और उस आदमी की चपेट में आ जाता था जो उसकी बेटी को लुभाने की कोशिश कर रहा था। फिर भी, वह अंत में उसे स्वीकार करता है।

चोरी चोरी चुपके चुपके
फिल्म 'चोरी चोरी चुपके चुपके' में सलमान खान के दादाजी की भूमिका में अमरीश पुरी अब तक के सबसे चहेते दादाओं में से एक हैं। वह अपने पोते को शादी के लिए राजी करने के लिए इमोशनल अत्याचार का इस्तेमाल करते दिखे थे। लोगों ने उनके इस पॉजिटिव किरदार को खूब पसंद किया था।












Click it and Unblock the Notifications