अमिताभ बच्चन ने फेसबुक पर लिखी गलत अंग्रेजी तो यूजर ने की खिंचाई, इनसे पहले भी बिग बी ने मांगी थी माफी
मुंबई, 6 नवंबर: स्टार एक्टर अमिताभ बच्चन फिल्मों में तो व्यस्त रहते ही हैं, सोशल मीडिया पर भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते रहते हैं। हालांकि कई बार उनसे लिखने में गलती हो जाती है तो यूजर्स से इसके लिए सुनना भी पड़ता है। अमिताभ बच्चन ने फेसबुक पर एक पोस्ट की है, जिसके कैप्शन में उन्होंने कुछ गलती कर दी। इस पर एक यूजर ने गलत लिखने को लेकर अमिताभ बच्चन की पोस्ट पर कमेंट किया। जिस पर अमिताभ ने भी गलती मानते हुए इसे ठीक किया और रिप्लाई करते हुए यूजर को धन्यवाद भी दिया।

शेयर की है जंजीर की शूटिंग की तस्वीर
अमिताभ बच्चन ने शुक्रवार को अपनी एक तस्वीर शेयर की है। ये फिल्म जंजीर की शूटिंग के वक्त (1972) की है। इसे शेयर करते हुए उन्होंने बताया, ये तस्वीर मुझे सलीम-जावेद की जोड़ी के जावेद अख्तर ने भेजी है। उन्होंने इस तस्वीर के नीचे लिखा- 'बात निकलेगी तो दूर तलक जाएगी और गई।' मैंने उत्तर दिया- बात निकलेगी तो दूर तलक जाएगी माना, आग़ाज जिसने अपने लेखन से की , उसे दुनिया ने जाना।

क्या हुई अमिताभ बच्चन से गलती, जिस पर सुनना पड़ा
अमिताभ बच्चन ने तस्वीर के कैप्शन में 'Salim-Javed writer duo' में 'duo' की 'dua' लिख दिया। इसे राजेश कुमार नाम के यूजर ने पकड़ा और कमेंट करते हुए लिखा- सर, मैं फिर कहूंगा कि आपने writer 'duo' की जगह writer 'dua' लिख मारा है। ये भी कहूंगा कि आपके हाथों में बेस्ट ऐक्टर का 'एकेडमी अवार्ड' देखना चाहता हूं। पटना आइए। छठी मैया का आशीर्वाद प्राप्त करिए। जय बिहार। इस पर अमिताभ बच्चन ने रिप्लाई करते हुए लिखा- जी धन्यवाद! सही कर दिया है उसे, टाइपो था।

राजेश पहले भी पकड़ चुके अमिताभ बच्चन की गलती
राजेश कुमार नाम के ये फेसबुक यूजर पहले भी अमिताभ बच्चन के लिखने में ना सिर्फ गलती पकड़ चुके हैं बल्कि उनसे ठीक भी करा चुके हैं। इसी साल दशहरे पर अमिताभ बच्चन ने फेसबुक पर 'दशहेरा की अनेक अनेक शुभकामनाएँ' लिखा था। जिस पर कमेंट करते हुए राजेश कुमार ने लिखा था- आप एक महान कवि के पुत्र हैं। दशानन की हार से बना 'दशहरा' ना कि 'दशहेरा'। कम से कम वर्तनी को लेकर मेटीक्यूलस रहिए। इस पर रिप्लाई करते हुए अमिताभ बच्चन ने लिखा था- राजेश कुमार जो गलत हुआ है उसके लिया क्षमा प्रार्थी हूँ और मैं सुधार करूँगा।

कई फिल्मों की शूटिंग में बिजी हैं अमिताभ बच्चन
अमिताभ बच्चन की फिल्म चेहरे कुछ दिन पहले रिलीज हुई है, जिसमें उनके साथ इमरान हाशमी और रिया चक्रवर्ती नजर आए हैं। अमिताभ बच्चन की फिल्म ब्रह्मास्त्र जल्दी ही रिलीज होने वाली है। अमिताभ बच्चन के साथ इस फिल्म में रणबीर कपूर और आलिया भट्ट नजर आने वाली हैं। टीवी पर कौन बनेगा करोड़पति को भी बच्चन होस्ट करते हैं। सोनी टीवी पर प्रसारित होने वाला केबीसी टीवी का काफी लोकप्रिय शो है।












Click it and Unblock the Notifications