घर के बाहर हुई तोड़फोड़ के बाद अल्लू अर्जुन ने शेयर किया पहला पोस्ट, खुलेआम लिखी ऐसी बात
Allu Arjun First Post: अल्लू अर्जुन की फिल्म 'पुष्पा 2' जहां बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई कर रही है, वहीं मूवी के रिलीज के बाद से ही एक्टर विवादों में घिरे हुए हैं। दरअसल संध्या थिएटर में मची भगदड़ में एक महिला की मौत के बाद से ही एक्टर कानूनी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
अल्लू अर्जुन को हैदराबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया था
तेलुगू फिल्मों के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन को हैदराबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया था। हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी। वहीं मृतक महिला का बेटा भी इस भगदड़ में घायल हो गया था और उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

घर के बाहर तोड़फोड़ के बाद अल्लू अर्जुन का पहला पोस्ट
वहीं गत 22 दिसंबर 2024 (रविवार) को हैदराबाद में अल्लू अर्जुन के घर पर कुछ प्रदर्शनकारियों ने संध्या थिएटर भगदड़ मामले में इंसाफ की मांग करते हुए तोड़फोड़ मचाई थी। इस घटना के बाद अल्लू अर्जुन ने अपना पहला पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर किया है। आपको बता दें कि अल्लू अर्जुन ने उनके साथ हुई घटनाओं के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की है बल्कि उन्होंने सोशल मीडिया पर यशराज फिल्म्स के प्रति अपना आभार व्यक्त किया है।
यशराज फिल्म्स ने 'पुष्पा 2' की जमकर तारीफ की थी
जानकारी के अनुसार बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड तोड़ने के बाद यशराज फिल्म्स प्रोडक्शन हाउस ने 'पुष्पा 2' की जमकर तारीफ की थी। यशराज फिल्म्स ने अपनी पोस्ट में लिखा था- रिकॉर्ड टूटने के लिए ही बने होते हैं और नए रिकॉर्ड हर किसी को एक्सीलेंस की ओर धकेलते हैं। इतिहास की पुस्तकों को फिर से लिखने के लिए पूरी पुष्पा 2: द रूल की टीम को बधाई। फायर नहीं, वाइल्ड फायर!!!!
अल्लू अर्जुन ने यशराज फिल्म्स को कहा थैंक्यू
वहीं अब अल्लू अर्जुन ने यशराज फिल्म्स प्रोडक्शन हाउस को एक प्यारी सी शुभकामना के साथ पोस्ट का जवाब दिया है। अल्लू अर्जुन ने लिखा है- थैंक्यू...सो ग्रेसफुल। आपकी शुभकामनाओं से हम्बल हूं। थैंक्यू, मैं अभिभूत हूं। उम्मीद है कि ये रिकॉर्ड जल्द ही एक दिल छू लेने वाली वाईआरएफ फिल्म द्वारा तोड़ा जाएगा, और हम सभी कलेक्टिवली एक्सीलेंस की ओर बढ़ेंगे।
अल्लू अर्जुन के घर के बाहर मची थी तोड़फोड़
आपको बता दें कि अल्लू अर्जुन ने अपने घर के बाहर हुई घटना के बारे में सावर्जनिक तौर र कुछ न कहने का फैसला किया है। जानकारी के अनुसार प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने गत 22 दिसंबर 2024 को पुष्पा 2 एक्टर के हैदराबाद के जुबली हिल्स इलाके में स्थित घर में तोड़फोड़ की थी। उन्होंने भगदड़ में मारी गई महिला के लिए न्याय की मांग करते हुए एक्टर की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया था।
अल्लू अर्जुन ने पत्थरबाजी को लेकर नहीं किया कोई कमेंट
इसके बाद विरोध प्रदर्शन में शामिल 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि उन्हें 23 दिसंबर 2024 (सोमवार) को जमानत पर रिहा कर दिया गया। अल्लू अर्जुन ने इस घटना के बारे में कोई कमेंट नहीं किया है, लेकिन उनके पिता अल्लू अरविंद ने घटना को लेकर मीडिया से बात की थी।
अल्लू अर्जुन के पिता ने कही ऐसी बात
अल्लू अरविंद ने कहा था- आज हमारे घर पर जो हुआ वह सबने देखा है लेकिन अब समय आ गया है कि हम उसके अनुसार कार्य करें। अभी हमारे लिए किसी भी बात पर रिएक्शन देने का सही समय नहीं है। उन्होंने आगे कहा था कि पुलिस ने तोड़फोड़ करने वालों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
'कानून अपना काम करेगा, बस धैर्य रखना है'
अल्लू अर्जुन के पिता ने आगे कहा था- किसी को भी इस तरह की घटनाओं को बढ़ावा नहीं देना चाहिए। लेकिन मैं सिर्फ इसलिए प्रतिक्रिया नहीं दूंगा क्योंकि मीडिया यहां है। अब संयम बरतने का समय है। कानून अपना काम करेगा। हमें बस धैर्य रखना है।
अभिनेता अल्लू अर्जुन को नया समन जारी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हैदराबाद पुलिस ने गत 23 दिसंबर 2024 को अभिनेता अल्लू अर्जुन को नया समन जारी किया था। इस समन में गत 4 दिसंबर 2024 को संध्या थिएटर में हुए भगदड़ के दौरान एक महिला की मौत के मामले में एक्टर को फिर से चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन में पेश होने का निर्देश दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications