अक्षय कुमार-टाइगर श्रॉफ की 'बड़े मियां छोटे मियां' हुई फ्लॉप, अजय देवगन की 'मैदान' का भी बंटाधार
Bade Miyan Chote Miyan and Maidaan: बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ की फिल्म 'बड़े मियां और छोटे मियां' की हालत खराब हो गई है। मेकर्स को फिल्म से काफी उम्मीदें थीं लेकिन दर्शकों को ये फिल्म बिल्कुल भी पसंद नहीं आई है। गत 11 अप्रैल 2024, ईद के मौके पर रिलीज हुई ये फिल्म फ्लॉप साबित हुई है।
'बड़े मियां छोटे मियां' हुई फ्लॉप
एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'बड़े मियां छोटे मियां' बड़े पर्दे पर डिजास्टर साबित हो गई है। 350 करोड़ रुपए के बड़े बजट में बनी ये फिल्म दो हफ्ते में ही अपना दम तोड़ चुकी है। अक्षय कुमार जैसे सुपरस्टार के इस फिल्म का हिस्सा होते हुए मेकर्स को भारी नुकसान हो रहा है।

दो दिनों में नहीं हुई 1 करोड़ रुपए की कमाई
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो 'बड़े मियां और छोटे मियां' ने 15.65 करोड़ रुपए के कलेक्शन के साथ बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत की थी। पहले 4 दिन तक इसने ठीक कारोबार किया लेकिन फिर इसका डाउनफॉल शुरू हो गया था। वहीं दूसरे हफ्ते फिल्म की हालत और खराब हो गई। पिछले दो दिनों से तो फिल्म 1 करोड़ रुपए भी नहीं कमा पा रही है।
'मैदान' की भी हालत हुई खराब
वहीं अजय देवगन की फिल्म 'मैदान' भी गत 11 अप्रैल 2024 को अक्षय कुमार की 'बड़े मियां छोटे मियां' के साथ ही थिएटर में रिलीज हुई थी। क्लैश का असर 'मैदान' पर साफ नजर आ रहा है। अजय देवगन की ये स्पोर्ट्स ड्रामा भी बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई है। पिछले दो दिन से फिल्म की कमाई लाखों में सिमट गई है। 12वें दिन 'मैदान' ने सिर्फ 70 लाख रुपए की कमाई की थी। वहीं 13 दिनों में 'मैदान' का कुल कलेक्शन 36.69 करोड़ रुपए ही रहा है।
टिकट की कीमतें घटाकर 30 रुपये कर दी गई हैं
बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता मनोज देसाई ने भी अक्षय कुमार-टाइगर श्रॉफ की फिल्म 'बड़े मियां छोटे मियां' और अजय देवगन की फिल्म 'मैदान' को फ्लॉप कह दिया है। उन्होंने बताया है कि इन दोनों फिल्मों की हालत अब ऐसी हो गई है कि लोग इसे देखने नहीं आ रहे हैं। थिएटर खाली नजर आ रहे हैं। कई सिनेमाघरों से तो ये दोनों फिल्में हटा भी दी गई हैं। उन्होंने बताया है कि इन दोनों फिल्मों की टिकट की कीमतें घटाकर 30 रुपये कर दी गई हैं। वहीं कई थिएटर अस्थायी रूप से शटर गिराने पर विचार कर रहे हैं।
अक्षय-टाइगर की फिल्म का कुल कलेक्शन
सैकनिल्क की रिपोर्ट की मानें तो रिलीज के 12वें दिन 'बड़े मियां छोटे मियां' ने सिर्फ 85 लाख रुपए का कारोबार किया था। वहीं अब 13वें दिन भी ये फिल्म सिर्फ 40 लाख रुपए का कलेक्शन कर पाई है। इसी के साथ 13 दिनों में अक्षय-टाइगर की फिल्म सिर्फ 56.4 करोड़ रुपए ही कमा पाई है।












Click it and Unblock the Notifications