Video: 'कश्मीर फाइल्स की तारीफ करना अक्षय कुमार की थी मजबूरी', विवेक अग्निहोत्री ने बताया पीठ पीछे का सच
मुंबई, 08 मई: बॉलीवुड डायरेक्टर विवेक रंजन अग्निहोत्री की हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स बॉक्स' ऑफिस पर एक बहुत बड़ी हिट साबित हुई। कश्मीर से कश्मीरी पंडितों के पलायन और उन पर हुए अत्याचार पर बनी यह फिल्म रिलीज के बाद से लेकर अब तक एक हॉट टॉपिक बनी हुई है। इतना ही नहीं बॉलीवुड के अंदर चल रही गैंग को लेकर भी विवेक अग्निहोत्री ने खुलकर निशाना साधा था। वहीं अब विवेक अग्निहोत्री के इंटरव्यू की एक शॉर्ट क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें उन्होंने अक्षय कुमार के फिल्म को सपोर्ट करने पर अब अपना रिएक्शन दिया है। डायरेक्टर ने साफ कहा कि फिल्म की तारीफ करना अक्षय कुमार की मजबूरी थी।

विवेक अग्निहोत्री ने कहा- इंडस्ट्री से सपोर्ट नहीं मिला
फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' 11 मार्च 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म को दर्शकों की जमकर माउथ पब्लिसिटी मिली थी, जिसके बाद सिनेमाघरों में लगभग सभी शोज हाउसफुल चले। इधर फिल्म की सक्सेस के बाद बॉलीवुड इंडस्ट्री के कुछ आगे लोग आए और फिल्म को अपना सपोर्ट दिया, जिसमें सुपरस्टार अक्षय कुमार का नाम भी शामिल है। हालांकि अब डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने दावा करते हैं कि साफ कहा कि इंडस्ट्री की तरफ से उन्हें कोई तारीफ या सपोर्ट नहीं मिला।

'तारीफ करना अक्षय की मजबूरी थी'
इसी के साथ डायरेक्टर ने इस फैक्ट पर भी जोर देते हुए कहा कि एक्टर अक्षय कुमार को फिल्म के सपोर्ट में बात करने के लिए मजबूर किया गया था। दरअसल, अक्षय की फिल्म 'बच्चन पांडे' 'कश्मीर फाइल्स' के आगे बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुई थी। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें हाल ही में विवेक अग्निहोत्री को आरजे रौनक के साथ चैट शो '13RA जवाब नहीं' में बातचीत करते देखा गया था। इस इंटरव्यू में विवेक अग्निहोत्री ने दावा करते हुए साफ कहा कि तारीफ करना अक्षय की मजबूरी थी।

'जब सौ लोग सामने खड़े होकर सवाल पूछेंगे तो...'
इंटरव्यू में बातचीत के दौरान जब डायरेक्टर से आरजे रौनक कहते हैं कि बॉलीवुड के सारे लोगों ने आपकी फिल्म की तारीफ की है। इसके जवाब में विवेक अग्निहोत्री ने कहा, 'जैसे... जैसे नाम बताओ।' फिर आरजे रौनक ने कहा कि अक्षय कुमार ने आपकी फिल्म के बारे में बोला है। जिस पर विवेक रंजन ने कहा कि वो तो मजबूरी में, क्या बोलेगा आदमी जब सौ लोग सामने खड़े होकर सवाल पूछेंगे कि कश्मीर फाइल्स चली आपकी फिल्म नहीं चली, मैं एक फंक्शन में था भोपाल में, तो उन्हें बोलना पड़ गया।

अक्षय ने कहा था- मेरी फिल्म को भी डुबो दिया
वहीं उन्होंने आगे कहा कि पीछे कोई नहीं बोलता है। आपको बता दें कि अक्षय और विवेक रंजन अग्निहोत्री भोपाल में एक कार्यक्रम में एक साथ हिस्सा लेने पहुंचे थे। जहां अक्षय ने कहा था कि कश्मीर फाइल्स ने मेरी फिल्म को भी डुबो दिया। बता दें कि अक्षय की फिल्म 'बच्चन पांडे,'द कश्मीर फाइल्स' के रिलीज के एक हफ्ते बाद रिलीज हुई थी, जो अपना कमाल नहीं कर पाई थी।

फिल्म को लेकर हुआ था ये विवाद
'द कश्मीर फाइल्स' 2022 की सबसे सफल बॉलीवुड फिल्म रही थी, हालांकि इसने जितनी सफलता कमाई उतना ही फिल्म को विवादों का भी सामना करना पड़ा था। द कश्मीर फाइल्स में दिल्ली की मशहूर यूनिवर्सिटी जेएनयू के कुछ सीन फिल्माए गए थे, जिसे लेकर विवेक अग्निहोत्री को विरोध का सामना करना पड़ा। लोगों का आरोप था कि जेएनयू को जानबूझकर इस फिल्म में घसीटा गया। इसके अलावा Foreign Correspondents Club में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित होनी थी, लेकिन ऐन वक्त पर ही उसे रद्द कर दिया गया था। इस बात पर फिल्म निर्देशक विवेक काफी नाराज हुए थे।

3 अरब से अधिक का कलेक्शन
'द कश्मीर फाइल्स' को न सिर्फ भारत में बल्कि दुनियाभर में काफी पसंद किया गया। इसका नतीजा ये रहा कि फिल्म ने रिलीज होने के एक महीने बाद भी करोड़ों का कलेक्शन किया। एक आंकड़े के मुताबिक 'द कश्मीर फाइल्स' ने वर्ल्ड वाइड बॉक्स ऑफिस पर करीब 340 करोड़ रुपए की कमाई की। इसके अलावा फिल्म के राइट्स ओटीटी प्लेटफार्म को भी बेचे गए जिससे मूवी मेकर्स ने करोड़ों रुपए कमाए।

फिल्म को बनाने में लगे 4 साल
गौरतलब है कि विवेक अग्निहोत्री ने इस फिल्म को बनाने से पहले करीब 700 पीड़ितों का इंटरव्यू किया था और इस फिल्म को बनाने में उन्हें करीब चार साल लगे। 11 मार्च को रिलीज हुई। इस फिल्म को कई राज्यों में टैक्स फ्री कर दिया गया था। फिल्म को आईएमडीबी पर 8.3 की रेटिंग मिली हुई है।
यहां क्लिक कर देखें अक्षय कुमार को लेकर दिया विवेक अग्निहोत्री का बयान












Click it and Unblock the Notifications