अक्षय कुमार की 'सम्राट पृथ्वीराज' को लगा बड़ा झटका, इन देशों ने फिल्म को किया बैन
अक्षय कुमार की फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' को कुवैत और ओमान जैसे देशों में बैन कर दिया गया है।
मुंबई, 2 जूनः बॉलीवुड के स्टंट स्पेशलिस्ट हीरो अक्षय कुमार और पूर्व मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर स्टारर फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' एक के बाद एक विवादों में घिरती नजर आ रही है। सबसे पहले करणी सेना ने फिल्म के टाइटल पर विरोध जताया तो उसके बाद गुर्जर समाज भी अपनी परेशानी लेकर इसमें कूद पड़ा। फिल्म के नाम पर विवाद होता देख फिल्म मेकर्स ने मूवी के टाइटल को सम्राट पृथ्वीराज कर दिया। अब जब फिल्म रिलीज की दहलीज पर खड़ी है तो मेकर्स के लिए एक और खराब खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म सम्राट पृथ्वीराज को कुवैत और ओमान जैसे देशों में बैन कर दिया गया है।
Recommended Video

इन देशों ने फिल्म को किया बैन
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार फिल्म सम्राट पृथ्वीराज को कई देशों में बैन कर दिया गया है। खबर है कि गौरवशाली हिंदू सम्राट पृथ्वीराज के जीवन और साहस पर आधारित यह फिल्म कुवैत और ओमान जैसे कुछ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बैन कर दी गई है। इन देशों ने फिल्म की रिलीज से पहले ये स्टैंड लिया है। इस मामले में फिल्म मेकर्स का कहना है कि सम्राट पृथ्वीराज चौहान का जीवन इस बात का प्रमाण है कि भारतीय सही के लिए खड़े हुए और देश को बेरहम आक्रमणकारियों से बचाया जो केवल भारतीय लोगों को लूटना और हत्या करना चाहते थे। उनके जीवन की कहानी पर प्रतिबंध लगाने से केवल एक ही सवाल उठता है कि लोग इतिहास पर एक नज़र क्यों नहीं डालते और ये स्वीकार करते हैं कि भारत और हिंदुओं के साथ क्या हुआ था।
कल रिलीज होगी फिल्म
आपको बता दें कि फिल्म सम्राट पृथ्वीराज में अक्षय कुमार और मानुषी छिल्लर के अलावा सोनू सूद और संजय दत्त भी नजर आएंगे। फिल्म को डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने डायरेक्ट किया है और ये हिंदी, तमिल और तेलुगू भाषा में कल रिलीज की जाएगी। वहीं अक्षय कुमार जल्द ही 'मिशन सिंड्रेला', 'रक्षाबंधन', 'राम सेतु', 'सेल्फी', 'गोरखा', 'ओह माय गॉड 2', 'बड़े मियां छोटे मियां' और 'मोगुल' जैसी फिल्मों में भी नजर आने वाले हैं।












Click it and Unblock the Notifications