लगातार फ्लॉप हो रही फिल्मों पर अक्षय कुमार का छलका दर्द, बोले- 'मैं बहुत ज्यादा मेहनत करता हूं लेकिन...'
Akshay Kumar On Flop Movies: एक वक्त था जब बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार का बॉक्स ऑफिस पर सिक्का चलता था। लेकिन अब पिछले कुछ सालों से उनकी लगातार असफलता हासिल हो रही है। एक्टर की अब तक कई फिल्में आ चुकी हैं लेकिन कोई भी ब्लॉकबस्टर साबित नहीं हुई।
अगर साल 2024 की बात करें तो एक्टर की फिल्म बड़े मियां छोटे मियां हाल ही में रिलीज हुई थी। फिल्म का जमकर प्रमोशन भी हुआ था। ऐसे में फैंस को उम्मीद थी कि एक्टर की फिल्म उम्मीद पर खरी उतरेगी लेकिन ये बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिर पड़ी। इसके अलावा 'सरफिरा' भी कुछ खास कमाल नहीं कर पाई।

फोर्ब्स इंडिया के साथ बातचीत कर अक्षय कुमार का लगातार हो रही फ्लॉप फिल्मों पर दर्द छलका है। लगातार 16 फ्लॉप फिल्मों को लेकर एक्टर ने कहा कि, "हर फिल्म के पीछे बहुत सारा खून-पसीना और जुनून होता है। किसी भी फिल्म को असफल होते देखना दिल तोड़ने वाला होता है, लेकिन आपको सकारात्मक पहलू भी देखना सीखना होगा। हर असफलता आपको सफलता की कीमत सिखाती है और इसके लिए आपकी भूख को और भी बढ़ाती है।"
अक्षय कुमार ने आगे कहा कि, ''किसी भी फिल्म का फ्लॉप होने से दुख पहुंचता है और इसका आपके ऊपर गहरा असर होता है। लेकिन इससे फिल्म की किस्मत नहीं बदलती है। ये कुछ ऐसा नहीं है जो आपके कंट्रोल में है। आपके हाथ में बस इतना है कि आप अपने लक्ष्य को पाने के लिए भरपूर मेहनत करें। मैं भी इसी तरह आगे बढ़ता हूं और अपनी एनर्जी फिर से लाता हूं। मैं कोशिश करता हूं कि अपनी अगली फिल्म के लिए पूरा जोर लगा दूं।"
बता दें कि, अक्षय कुमार की फिल्म 'राम सेतू', 'सेल्फी', 'बच्चन पांडे', 'मिशन रानीगंज' बुरी तरह फ्लॉप साबित हुई थीं। वहीं अब फिल्म सरफिरा को भी कुछ खास रिस्पॉन्स नहीं मिला। इस साल एक्टर के पास कई फिल्में पाइपलाइन पर हैं। 'वेलकम टू द जंगल', 'स्काई फोर्स', 'हाउसफुल 5' और हेरा फेरी 3 है।












Click it and Unblock the Notifications