Aditya Pancholi Case Update: रेप केस मामले की सुनवाई, एक्टर के वकील का दावा, 'पीड़िता नहीं पहुंची कोर्ट'
Aditya Pancholi Case Update: विवादों की वजह से चर्चा में रहने वाले एक्टर आदित्य पंचोली के खिलाफ चल रहे रेप केस मामले की सुनवाई बॉम्बे हाई कोर्ट में हुई। मामले पर उनके वकील प्रशांत पाटिल ने कहा कि कोर्ट में अब तक इस केस की 11 बार सुनवाई हुई है। कथित पीड़िता एक बार भी कोर्ट नहीं पहुंची। बता दें कि पंचोली और उनकी पत्नी जरीना वहाब पहले ही कह चुके हैं कि यह मामला पूरी तरह से दुष्प्रचार पर आधारित है।
आदित्य पंचोली के वकील ने कहा, 'साल 2019 में आदित्य पंचोली के खिलाफ वर्सोवा पुलिस स्टेशन में एक झूठे रेप केस के संबंध में एफआईआर दर्ज की गई थी। पिछले 11 सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता कभी भी बॉम्बे हाईकोर्ट के सामने पेश नहीं हुईं। आज यह मामला दलीलों के लिए सूचीबद्ध था, लेकिन दूसरी तरफ से कोई व्यक्ति पेश हुआ और समय की मांग की है।'

Aditya Pancholi Case Update: 4 मार्च को होगी अगली सुनवाई
अब इस मामले की अगली सुनवाई 4 मार्च को तय की गई है। हाई कोर्ट ने शिकायतकर्ता को निर्देश दिया है कि वे 27 फरवरी तक जो भी दस्तावेज या पक्ष रखना चाहती हैं, उसे दाखिल करें। बता दें कि साल 2019 का यह केस है, जिसमें एक महिला ने एक्टर पर यौन शोषण, हिंसा समेत कई आरोप दर्ज कराए थे। एक्टर ने इस पूरे मामले को हमेशा अपने खिलाफ साजिश करार दिया है।
Aditya Pancholi का रहा है विवादों से नाता
आदित्य पंचोली का विवादों से पुराना नाता रहा है। एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत ने भी उन पर शारीरिक हिंसा समेत कई आरोप लगाए हैं। उनके बेटे सूरज पंचोली पर भी एक्ट्रेस और गर्लफ्रेंड जिया खान को आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज हुआ था। हालांकि, इस मामले में उन्हें क्लीन चिट मिल गई है। आदित्य पंचोली और उनकी पत्नी जरीना वहाब ने कंगना रनौत के आरोपों को नकारते हुए हमेशा दावा किया है कि उनके परिवार ने एक्ट्रेस की करियर के शुरुआती दौर में काफी मदद की थी।












Click it and Unblock the Notifications