Adbhut: नवाजुद्दीन सिद्दीकी की थ्रिलर फिल्म 'अद्भुत' का दमदार ट्रेलर रिलीज, जानें कब और कहां देखें ये मूवी
Adbhut Trailer Out: बॉलीवुड एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी इन दिनों ओटीटी प्लेटफॉर्म पर धूम मचाते नजर आ रहे हैं। कुछ दिनों पहले ही उनकी फिल्म 'रौतू का राज' ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर रिलीज हुई थी, जिसे लोगों ने खूब पसंद किया था। अब जल्द ही वह नई फिल्म 'अद्भुत' में नजर आने वाले हैं।
फिल्म 'अद्भुत' का दमदार ट्रेलर रिलीज
नवाजुद्दीन सिद्दीकी की अपकमिंग फिल्म 'अद्भुत' का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। ट्रेलर रिलीज होने के बाद से सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है। फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के अलावा श्रेया धनवंतरी, डायना पेंटी और रोहन मेहरा भी नजर आएंगे। लोगों को फिल्म का ट्रेलर काफी पसंद आ रहा है।

सुपरनैचुरल थ्रिलर मूवी है 'अद्भुत'
आपको बता दें कि फिल्म 'अद्भुत' एक सुपरनैचुरल थ्रिलर मूवी है, जिसके डायरेक्टर शब्बीर खान हैं। शब्बीर खान 'मुन्ना माइकल' और 'हीरोपंती' जैसी फिल्मों के भी डायरेक्टर रह चुके हैं। 'अद्भुत' के ट्रेलर की शुरुआत एक कपल से होती है।
'अपार्टमेंट में सब बदल जाता है'
ट्रेलर में देखा जा सकता है कि श्रेया धनवंतरी और रोहन मेहरा एक अपार्टमेंट में रहने आते हैं। दोनों वहां रोमांटिक मूड में होते हैं कि तभी अजीबोगरीब चीजें होने लगती हैं। उनके अपार्टमेंट में आने के बाद से ही वहां सब बदल जाता है। बहुत अजीब और डरावनी चीजें होती हैं। लेकिन ये कौन कर रहा है? कोई भूत है या फिर कोई इंसान? इसकी तह तक पहुंचने और सच का पता लगाने के लिए डिटेक्टिव बने नवाजुद्दीन सिद्दीकी की एंट्री होती है। नवाजुद्दीन को श्रेया धनवंतरी और रोहन मेहरा बुलाते हैं।
नवाजुद्दीन सिद्दीकी बनें हैं डिटेक्टिव
नवाजुद्दीन सिद्दीकी कपल से कहते हैं कि कोई प्रॉब्लम हो तो लोग पुलिस के पास जाते हैं और आपने डिटेक्टिव के पास फोन किया। श्रेया धनवंतरी के किरदार के साथ जो-जो होता है, वह उन्हें किसी की साजिश लगती है। ट्रेलर में डायलॉग भी दमदार हैं और हॉरर का तड़का भी धमाकेदार है।
शक के घेरे में आता है डायना पेंटी का किरदार
वहीं नवाजुद्दीन रोहन मेहरा से कहते हैं कि अगर कुछ दिखाई नहीं देता तो इसका मतलब यह नहीं कि वहां कुछ है नहीं, बस वहां रोशनी कम है। 'अद्भुत' में जैसे-जैसे नवाजुद्दीन सिद्दीकी की जांच आगे बढ़ती है, डायना पेंटी का किरदार उनके शक के घेरे में आ जाता है। पर क्या वाकई वही ये सब अजीब चीजें कर रही हैं या फिर सच्चाई कुछ और है।
15 सितंबर 2024 को रिलीज होगी 'अद्भुत'
आमतौर पर जहां फिल्में या तो थिएटर या फिर ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होती हैं, वहीं नवाजुद्दीन सिद्दीकी की फिल्म 'अद्भुत' सीधे टीवी पर प्रीमियर की जाएगी। ये 15 सितंबर को सोनी मैक्स टीवी चैनल पर रात 8 बजे दिखाई जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications