एक्ट्रेस नीतू चंद्रा ने हॉलीवुड में डेब्यू का क्रेडिट दिया इरफान खान को, कहा- भारत में नहीं मिल रहा था काम
नई दिल्ली, जनवरी 29। बॉलीवुड में गरम मसाला, रन, 13B और ट्रैफिक सिग्नल जैसी कई फिल्मों में काम कर चुकी एक्ट्रेस नीतू चंद्रा हॉलीवुड की फिल्म भी कर चुकी हैं। आपको बता दें कि नीतू चंद्रा फिल्म Never Back Down: Revolt में अपनी एक्टिंग का दमखम दिखा चुकी हैं। इसी फिल्म से उन्होंने हॉलीवुड में डेब्यू किया था। अपनी पहली हॉलीवुड फिल्म करने के बाद नीतू चंद्रा ने उस शख्स के बारे में बताया है, जिनके जरिए उनके हॉलीवुड में कॉन्टैक्ट बने।

इरफान खान की वजह से हॉलीवुड में बने कॉन्टैक्ट- नीतू
एक लेटेस्ट इंटरव्यू में नीतू ने बताया है कि दिवंगत अभिनेता इरफान खान ने लॉस एंजेलिस में कॉन्टैक्ट बनाने में उनकी मदद की थी। नीतू ने बताया है कि इरफान खान ने हॉलीवुड में उनके लिए एक मजबूत नींव स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आपको बता दें कि केली मैडिसन द्वारा निर्देशित और ऑड्रे आर्किन्स द्वारा लिखित फिल्म 'नेवर बैक डाउन: रिवोल्ट' पिछले साल नवंबर में रिलीज हुई थी। फिल्म में नीतू की एक्टिंग को काफी पसंद किया गया था।

कैसे नीतू चंद्रा को मिली हॉलीवुड फिल्म?
इंटरव्यू में नीतू चंद्रा ने कहा है, "मेरे अब तक के सफर में सिर्फ बैठने के बजाय कुछ करने के बारे में मैंने सोचा है। जब मैं न्यूयॉर्क में थी तो 2017 में मैंने इरफान सर को मैसेज किया था, वो उस वक्त लंदन में अपनी फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। मैंने उससे कहा कि लोग मुझे ब्राजीलियाई, लेबनान और इतालवी भी कहते हैं, इसलिए मैं लॉस एंजिलेस जाने और वहां अपनी किस्मत आजमाने की सोच रही हूं। उन्होंने मुझे अपने एजेंट से मिलवाया और मेरा कॉन्टैक्ट कराया, इसलिए उन्हीं की वजह से हॉलीवुड में मुझे फिल्म मिल पाई।"

भारत में नहीं मिल रही थी एक्शन वाली फिल्में- नीतू
इंटरव्यू के दौरान नीतू आगे कहती हैं, "इरफान सर ने उस वक्त मुझसे कहा कि अगर तुम्हें हॉलीवुड में काम करना है तो तुम्हें अमेरिका में ही रहना होगा। मैंने मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग ली हुई थी और मुझे भारत में ज्यादा एक्शन फिल्मों में काम करने का मौका नहीं मिल रहा था और यहां हॉलीवुड की पहली ही फिल्म में मुझे एक्शन सीन करने थे, इसलिए एक मार्शल आर्टिस्ट होने के नाते मैं वैश्विक स्तर पर मौके की तलाश में निकल पड़ी।"

कई क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्में भी कर चुकी हैं नीतू
आपको बता दें कि नीतू चंद्रा हॉलीवुड से पहले कई बॉलीवुड फिल्मों में और इसके अलावा तमिल, तेलुगु और कन्नड़ भाषाओं में भी कई फिल्मों में काम कर चुकी हैं। बॉलीवुड को लेकर नीतू ये आरोप लगा चुकी हैं कि उनसे इंडस्ट्री में करीब 6 फिल्में छीनी गई थी।












Click it and Unblock the Notifications