अभिनेत्री जया प्रदा न्यायिक हिरासत में, आचार संहिता मामले में कोर्ट में हुईं पेश, कई बार जारी हुआ था NBW
फिल्म अभिनेत्री जया प्रदा सोमवार को रामपुर कोर्ट में पेश हुईं। उनके खिलाफ साल 2019 में लोकसभा चुनाव के दौरान रामपुर जिले के केमरी और स्वर थाने में आचार संहिता के उल्लंघन में मुकदमा दर्ज किया गया था।
दर्ज मुकदमे में कई बार उन्हें कोर्ट में पेश होने के लिए नोटिस जारी की गई लेकिन जयाप्रदा कोर्ट में पेश नहीं हुईं। ऐसे में कोर्ट द्वारा उनके खिलाफ एनबीडब्ल्यू जारी किया गया। बावजूद इसके कोर्ट में पेश न होने के चलते कोर्ट ने उन्हें फरार घोषित करते हुए पुलिस को उन्हें गिरफ्तार कर न्यायलय में पेश करने का निर्देश दिया था।

इसी मामले में सोमवार को फिल्म अभिनेत्री और रामपुर की पूर्व सांसद जयाप्रदा गुपचुप तरीके से अपने अधिवक्ताओं के साथ रामपुर के एमपी एमएलए कोर्ट में पहुंच गईं। कोर्ट में पहुंचने के बाद जयाप्रदा को 2 घंटे तक न्याय हिरासत में रखा गया।
उसके बाद कोर्ट द्वारा उनकी जमानत अर्जी मंजूर कर ली गई। अब जयाप्रदा को 6 मार्च को न्यायालय में प्रस्तुत होने के लिए कहा गया है। वहीं जयाप्रदा के कोर्ट में प्रस्तुत होने की सूचना मिलने के बाद उन्हें देखने के लिए काफी संख्या में लोग पहुंच गए थे।
ये है पूरा मामला
दरअसल, पूर्व सांसद जयाप्रदा साल 2019 में लोकसभा चुनाव के दौरान रामपुर के केमरी थाना क्षेत्र के पिपलिया मिश्र गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके अलावा 19 अप्रैल 2019 को उन्होंने एक सड़क का भी उद्घाटन किया था।
आचार संहिता लागू होने के बाद सड़क के उद्घाटन के बाद फ्लाइंग स्क्वायड टीम के खिलाफ मजिस्ट्रेट ने आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज कराया था। केमरी औ स्वार में दर्ज दोनों मामलों में जयाप्रदा को कोर्ट में पेश होने के लिए नोटिस जारी किया गया था लेकिन जयाप्रदा कोर्ट में पेश नहीं हो रही थीं।
इसके बाद एमपी एमएलए कोर्ट ने जयाप्रदा को फरार घोषित कर दिया और पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिया कि 6 मार्च को जयाप्रदा को गिरफ्तार कर एमपी एमएलए कोर्ट में पेश किया जाए। हालांकि, उससे पहले ही सोमवार को जयाप्रदा अपने वकीलों के साथ कोर्ट पहुंच गईं।












Click it and Unblock the Notifications