ABIR GULAAL:'पाकिस्तानी वापस जाओ', फवाद खान की फिल्म को देखते ही भड़का मनसे , कहा 'रिलीज नहीं होने देंगे'
ABIR GULAAL: पाकिस्तानी एक्टर फवाद खान पूरे 9 साल बाद बॉलीवुड में वापसी कर रहे हैं, दरअसल उनकी फिल्म आ रही है 'अबीर गुलाल', जिसमें वो लीड रोल कर रहे हैं। फिल्म में उनकी कोस्टार हैं खूबसूरत वाणी कपूर। मंगलवार को फिल्म का टीजर रिलीज हुआ, जिसने आते ही सोशल मीडिया पर धूम मचा दी लेकिन थोड़ी ही देर में फवाद खान के नाम पर हंगामा मच गया।
दरअसल महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने फवाद खान का विरोध किया है और उन्होंने धमकी दी है कि वो इस फिल्म को महाराष्ट्र में रिलीज ना होने देंगे। उनका कहना है कि किसी भी पाकिस्तानी कलाकार को बॉलीवुड में काम करने का अधिकार नहीं है।

'ये फिल्म महाराष्ट्र में रिलीज नहीं होगी' (ABIR GULAAL)
MNS के प्रवक्ता अमेय खोपकर ने दैनिक भास्कर से कहा कि 'हमें टीजर के बाद इस फिल्म के बारे में पता चला है, जब निर्माताओं ने इस फिल्म का ऐलान किया था, तब हमें पता नहीं था कि फिल्म में उन्होंने पाकिस्तानी एक्टर फवाद खान को लिया है। हम ऐसा होने नहीं देंगे, हम इसका विरोध करते हैं, ये फिल्म महाराष्ट्र में तो रिलीज होगी ही नहीं। हम इस बारे में और पता कर रहे हैं, जल्द ही इस बारे में हम अपना पूरा बयान जारी करेंगे।'
'भारत के लोग पाकिस्तान से काफी नफरत करते हैं' (ABIR GULAAL)
तो वहीं शिवसेना नेता संजय निरूपम ने भी इस फिल्म पर ऐतराज जताया है। उनका कहना है कि 'भारत के लोग पाकिस्तान से काफी नफरत करते हैं, वो उन्हें पसंद नहीं करते हैं। आप ही बताइए कि क्या कभी किसी पाकिस्तानी एक्टर ने यहां लोकप्रियता हासिल की है।'
वो अपनी फिल्मी दुनिया देखें: निरूपम
'उन्हें यहां काम करना ही नहीं चाहिए, वो करेंगे तो विरोध तो होगा ही, बेहतर यही है कि वो अपनी फिल्मी दुनिया देखें और वहां काम करें। मैं सरकार से भी कहना चाहता हूं कि वो तय करें कि पाकिस्तान के कलाकारों को यहां काम करने की परमिशन दी जाए या नहीं।'
फवाद खान की गिनती हैंडसम एक्टर्स में होती है
जहां एक ओर इस फिल्म को लेकर जबरदस्त बवाल हो रहा है वहीं सोशल मीडिया पर कुछ लोग फवाद खान को देखकर क्रेजी हो गए हैं।
आपको बता दें कि फवाद खान पाकिस्तान की तरह भारत में भी काफी लोकप्रिय हैं, उनकी गिनती हैंडसम एक्टर्स में होती है। फिल्म का टीजर काफी रोमांटिक है, जिसमें वो और वाणी काफी क्यूट लग रहे हैं।
फिल्म में टीजर में दिखा फवाद खान का रोमांटिक अंदाज
फिल्म की छोटी सी क्लिप में दिखाया गया है कि एक कपल लंदन के ट्रैफिक जाम में फंस जाता है, बाहर बरसात हो रही है, इसी दौरान दोनों के बीच की कुछ मीठी बातें होती हैं, जिसने लोगों को काफी आकर्षित किया है। वाणी हमेशा की तरह काफी अच्छी लग रही हैं। लोगों ने दोनों के लिए काफी अच्छे कमेंट किए हैं। फिलहाल आपको बता दें कि ये फिल्म 9 मई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications