Bhilai Steel Plant के कर्मचारियों को प्रशिक्षित करेगा CSVTU, अब डायरेक्टर इंचार्ज होंगे पदेन सदस्य
छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय में भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। जिससे भिलाई इस्पात संयंत्र को प्रशिक्षित व कुशल मानव संसाधन मिल सकेगा। वहीं इसका असर भिलाई इस्पात संयंत्र के उत्पादन में भी होगा। इस प्रशिक्षण के दौरान बीएसपी कर्मचारियों को तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ उन्हें सुरक्षा की ट्रेनिंग भी दी जाएगी। इसके अलावा सीएसवीटीयू को UAV सर्वेक्षण के लिए राजकीय एजेंसी घोषित किया गया है।

बीएसपी और राउरकेला इस्पात संयंत्र के कर्मचारी होंगे शामिल
दरअसल सीएसवीटीयू के स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत भिलाई इस्पात संयंत्र के साथ-साथ राउरकेला इस्पात संयंत्र के कर्मचारी भी प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। उन्हें तकनीकी शिक्षा के ज्ञान के साथ-साथ फायर सेफ्टी, वर्क सेफ्टी, कार्यकुशलता का प्रशिक्षण दिया जाएगा। वर्तमान में इस्पात संयंत्रों में कुशल और प्रशिक्षित कर्मचारियों की कमी के चलते इसका प्रभाव उत्पादन पर पड़ता है। वहीं इससे हादसे की आशंका भी बनी रहती है जिसके चलते सीएसवीटीयू का प्रोग्राम सफल माना जा रहा है।

राजपत्र में किया गया परिवर्तन, डायरेक्टर इंचार्ज होंगे सदस्य
दरअसल CSVTU का कैंपस भिलाई इस्पात संयंत्र की भूमि में निर्मित किया गया है। इसके चलते भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन एवं राज्य सरकार की उच्च शिक्षा मंत्रालय के बीच अनुबंध के अनुसार अब भिलाई इस्पात संयंत्र के डायरेक्टर इंचार्ज व ईडी (कार्मिक एवं प्रशासन) को सीएसवीटीयू प्रबंधन के कार्य परिषद का पदेन सदस्य बनाया जाएगा।
यह भी पढ़ें.. CSVTU Durg: जहां इंसानों को नहीं मिलता आसानी से प्रवेश, वहां भैंसो का कब्जा, जानिए पूरा मामला
स्थाई कर्मचारियों की होगी भर्ती, खत्म होगा इंतजार
CSVTU प्रबंधन के अनुसार अब लंबे समय के इंतजार के बाद यूनिवर्सिटी में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक पदों पर नियमित भर्ती की जाएगी। इसके लिए लगभग 7 सालों से शासन को सेटअप तैयार कर भेजा जा रहा है। लेकिन अब इसका इंतजार खत्म हो चुका है। अब शासन की अनुमति का इंतजार है। अनुमति मिलते ही भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। जिससे विश्वविद्यालय में फैकल्टी व स्थाई कर्मचारियों की कमी दूर होगी।

बीटेक, पीएचडी के छात्रों को मिल रहा स्कॉलरशिप का लाभ
विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग में अध्ययनरत अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति वर्ग के छात्रों को निःशुल्क स्टेशनरी प्रदान किया जाएगा। साथ ही एससी, एसटी, ओबीसी (गैर क्रीमी लेयर) व सामान्य (ईडब्ल्यूएस) वर्ग के छात्रों को छात्रवृत्ति सुविधाओं का लाभ मिलेगा। विदित हो कि डिप्लोमा के छात्रों को 55 हजार रुपये तक, बीटेक के छात्रों को 1 लाख रुपये तक ,एमटेक के छात्रों को 60 हजार रुपये तक वार्षिक तथा पीएचडी वालों को मासिक 35 हजार रूपये लगभग छात्रवृत्ति राशि विश्वविद्यालय में मिलती है।












Click it and Unblock the Notifications