MP News: भारत संकल्प यात्रा के दौरान खेतों पर उड़ा ड्रोन, डिंडोरी शहपुरा में यूरिया छिड़काव की बताई तरकीब
MP News: केंद्र शासन की योजनाओं का सभी पात्र हितग्राहियों को लाभ पहुंचाने निकाली जा रही विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान डिंडोरी शहपुरा विकासखंड में किसानों के समक्ष ड्रोन से फसलों पर नैनो यूरिया और कीटनाशकों के छिड़काव का प्रदर्शन किया गया।
विकसित भारत संकल्प यात्रा ने गुरुवार को जिले की 15 ग्राम पंचायतों का भ्रमण किया। शहपुरा विकासखंड की ग्राम पंचायत मगरमुंहा पहुंची इस यात्रा के दौरान शाला भवन के प्रांगण में केंद्र शासन की योजनाओं से जुड़े विभागों द्वारा अलग-अलग स्टॉल लगाकर बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई।
यात्रा के साथ पहुँचे प्रचार रथ की एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद मोदी के सन्देश का प्रसारण किया गया और स्थानीय नागरिकों को भारत को विकसित बनाने का संकल्प दिलाया गया। केंद्र शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त चुके हितग्राहियों ने अपने अनुभव भी साझा किये।

कार्यक्रम के दौरान किसान कल्याण तथा कृषि विभाग के परियोजना अधिकारी आत्मा डॉ एस के निगम ने प्रधानमंत्री प्रणाम योजना अंतर्गत प्राकृतिक खेती के महत्व और उसकी उपयोगिता के बारे में कृषकों को जानकारी दी। उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास रवि आम्रवंशी ने किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने प्रोत्साहित किया।
अनुविभागीय अधिकारी कृषि डॉक्टर इंदिरा त्रिपाठी ने कृषकों को ड्रोन द्वारा तरल उर्वरक और कीटनाशक के छिडकाव के बारे जानकारी देते हुए बताया कि अत्याधुनिक ड्रोन की बाजार में कीमत लगभग सवा नौ लाख रुपये है । जबकि शासन द्वारा सामान्य वर्ग के किसानों को 40 प्रतिशत और अनुसूचित जाति- जनजाति के किसानों तथा लघु व सीमांत एवं महिला किसानो को 50 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाती है। इस तरह शासन की योजना अनुसार किसान लगभग 4 से 5 लाख रुपये की छुट पर ड्रोन खरीद सकता है। अनुविभागीय अधिकारी कृषि ने बताया कि ड्रोन से 2 घंटे में 20 एकड़ तक छिडकाव किया जा सकता है।
इस अवसर पर प्राकृतिक खेती एवं कृषि में उन्नत तकनीकों को अपनाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदेश को किसानों तक पहुँचाने ड्रोन से फसलों में नैनो यूरिया एवं कीटनाशकों के छिड़काव का प्रदर्शन भी किया गया। प्रदर्शन के दौरान मौजूद किसानों को बताया गया कि ड्रोन से नैनो यूरिया का छिड़काव फसल पर एक साथ अपना प्रभाव दिखाता है और फसल पुष्ट होती है । इसके साथ-साथ श्रम एवं समय की भी बचत होती है।
इस अवसर पर ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी रजनीश दुबे ने मृदा स्वस्थ्य कार्ड के महत्व और उपयोगिता पर प्रकाश डाला तथा वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी मेघा अग्रवाल ने कृषकों के बीच विभागीय योजनाओं की जानकारी रखी। कृषि विज्ञान केंद्र जबलपुर की वैज्ञानिक डॉक्टर अक्षिता तोमर ने उन्नत तकनीक से फसल लेने के तरीके बताये।












Click it and Unblock the Notifications