UP: युवक की पिटाई कर बांध दिया हाथ- पैर, बोरे में भर कर इस घटना को देने जा रहे थे अंजाम
देवरिया में युवक को बंधक बनाकर पीटने व नाली में फेंकने का प्रयास करने का मामला सामने आया।

Deoria News: देवरिया से एक ऐसा मामला सामने आया है जो इंसानियत को शर्मशार करने वाला है। यहां दबंगों ने मोबाइल चोरी के आरोप में एक युवक की जमकर पिटाई की। उसके बाद उसका हाथ पैर बांधकर उसे नाली में फेंकने का प्रयास कर रहे थे। लोगों ने युवक की जान बचाई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, देवरिया के सुरौली क्षेत्र में दबंगों ने चोरी के आरोप में युवक को पीटा व बोरे में भर कर उसे नाले में फेंकने का प्रयास किया। गौरीबाजार थाना के बांकी के रहने वाले अजय पांडेय उर्फ मिथुन बढ़या के समीप सुबह घूम रहे थे। इस बीच पिकअप व बाइक सवार कुछ दबंगों ने अजय को उठा लिया और हाथ-पैर बांधने के साथ ही पिटाई की। सुरौली थाना के सरौरा चौराहे पर एक दुकान के अंदर ले जाकर बोरे में रखा और फिर पिकअप में लादकर कुर्ना नाले में फेंकने के लिए लेकर चले गए। लोगों के देखने पर इनकी जान बची। रामनिवास चौहान की सरौरा चौराहे पर टेंट की दुकान है। जिस पर अजय पहले कार्य करते थे। गिरफ्तार आरोपितों का कहना है कि अजय ने मोबाइल चुरा लिया है। इसलिए वह उन्हें पकड़ कर लाए थे।
प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय सिंह ने बताया कि युवक को पीटने के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें चार लोग नामजद हैं। दो अन्य की तलाश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications