देवरिया: प्रेमी ने प्रेमिका पर गोली चलाने के बाद की युवक की हत्या, फिर खुद को उड़ाया
देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक सिरफिरे आशिक ने प्रेमिका पर गोली चला दी। गोली मिस होने के बाद ग्रामीणों ने उसे दौड़ा लिया। खुद को ग्रामीणों से घिरा देख पीछा कर रहे एक युवक की उसने गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद को गोली से उड़ा दिया। दिनदहाड़े हुई दो मौतों की इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र, एएसपी शिष्यपाल समेत अन्य अधिकारियों ने जांच की।
Recommended Video

युवती से बात करने पर कर दिया फायर
भाटपाररानी थाना क्षेत्र के ग्राम टीकमपार निवासी मुंद्रिका का पुत्र अनिल पुरैना गांव की एक युवती से प्रेम करता था। अनिल दोपहर को उसके दरवाजे पर पहुंचा और युवती से कुछ बात की। इसके बाद पिस्टल निकाल कर युवती पर गोली चला दी। हालांकि, गोली मिस कर गई। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद अनिल भागने लगा। ग्रामीणों ने उसे दौड़ा लिया, अपने को लोगों से घिरता देख पीछा कर रहे पुरैना गांव निवासी हारुन के बेटे 20 वर्षीय फारुख को अनिल ने गोली मार दी, जिससे फारुख गन्ने की खेत के समीप लहूलुहान होकर ही गिर गया। इसके बाद भी अनिल नहीं रुका। वह भागते हुए बहलोलवा गांव के पास पहुंच गया।
पकड़े जाने के डर से खुद को उड़ाया
पकड़े जाने के डर से अनिल ने वहीं पर अपनी कनपटी पर सटाकर गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, ग्रामीणों की तरफ से इलाज के लिए फारुख को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भाटपाररानी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने कहा कि प्रेम प्रसंग में यह घटना हुई है। युवती व अनिल के बीच बहुत दिनों से प्रेम संबंध चल रहा था। अनिल युवती को कुछ माह पहले लेकर फरार हो गया था। बाद में युवती अपने गांव आ गई। अब इस समय अपने गांव में ही रह रही थी। कहा जा रहा है कि युवती व अनिल में किसी बात को लेकर मनमुटाव चल रहा था। इसलिए वह लड़की से बात करने के लिए उसके घर गया था।












Click it and Unblock the Notifications