शादी की राह में बना रोड़ा तो महिला ने 11 साल के लड़के की कर डाली हत्या
पश्चिमी दिल्ली में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। उसपर आरोप है कि वह 11 साल के लड़के की हत्या की साजिश में शामिल है। पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला पूजा कुमारी ने इस बात को स्वीकार किया है कि उसने दिव्यांश की हत्या की है क्योंकि वह अपने पिता के साथ मेरी शादी की राह में रोड़ा बना हुआ था।
पूजा कुमारी का बच्चे के पिता जितेंद्र के साथ अफेयर चल रहा था। दोनों 2019 से एक साथ लिव इन रिलेशन में रह रहे थे। लेकिन तीन साल के बाद जितेंद्र वापस अपनी पत्नी और बेटे के पास चले गए। जिसकी वजह से पूजा काफी नाराज हो गई थी और उसने बच्चे की हत्या की साजिश रच डाली।

पूजा ने 10 अगस्त को अपने एक दोस्त से मदद मांगी और उससे कहा कि जितेंद्र इंद्रपुरी इलाके में रहता है उसका पता उसे दे। जब पूजा जितेंद्र के घर पहुंची तो उसने घर का दरवाजा खुला पाया, उस वक्त बच्चा बिस्तर पर सो रहा था। पुलिस ने अपने बयान में कहा कि महिला ने बच्चे का सोते में गला दबा दिया, इसके बाद शव को बेड बॉक्स के भीतर डाल दिया।
पश्चिमी दिल्ली पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान सीसीटीवी कैमरा की फुटेज के आधार पर की। इसके बाद महिला की तलाश शुरू हुई। महिला अपने माता-पिता के साथ नहीं रहती थी, जिसकी वजह से उसका ठिकाना ढूंढ़ने में पुलिस को दिक्कत हो रही थी। लेकिन पुलिस ने महिला की तलाश में 300 सीसीटीवी कैमरे खंगाल डाले।
पुलिस को इस बात का अंदाजा हो गया था कि महिला अभी भी इसी इलाके में रह रही है, लेकिन वह अपना ठिकाना बार-बार बदल रही थी। लेकिन तीन दिन की तलाश के बाद आखिरकार पुलिस महिला को पकड़ने में सफल रही।












Click it and Unblock the Notifications