क्या दिल्ली के नए LG होंगे प्रफुल्ल पटेल? सीएम केजरीवाल के ट्वीट से तेज हुईं अटकलें
नई दिल्ली, 12 मार्च। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को एक ट्वीट पोस्ट किया जो काफी सुर्खियों में है। अपने ट्वीट में सीएम केजरीवाल ने पूछा कि क्या लक्षद्वीप के प्रशासक प्रफुल्ल पटेल को दिल्ली का अगला एलजी बनाया जा रहा है? यह ट्वीट ऐसे समय आया है जब पंजाब विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत पाने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) जीत के जश्न में डूबी हुई है। दिल्ली के बाहर किसी राज्य में 'आप' की यह बड़ी उपलब्धि है।

गौरतलब है कि प्रफुल्ल खोड़ाभाई पटेल वर्तमान में दादरा नगर और हवेली और दमन और दीव और लक्षद्वीप (अतिरिक्त प्रभार) के प्रशासक हैं। उन्हें लक्षद्वीप के परिदृश्य को बदलने के लिए कुछ मसौदा नियमों को लाने के लिए कड़े प्रतिरोध का सामना करना पड़ा है। उन नियमों के अनुसार द्वीप के किसी भी क्षेत्र को विकास के उद्देश्य से प्रशासक द्वारा योजना क्षेत्र के रूप में घोषित किया जा सकता है। उनके इस फैसले का स्थानीय लोगों ने काफी विरोध भी किया था।
यह भी पढ़ें: चुनाव से पहले सियासी मैदान में पूर्व सीएम निशंक की एंट्री, जानिए उत्तराखंड की सियासत में क्यों खास हैं निशंक
केजरीवाल ने अपने ट्वीट के साथ कोई और जानकारी नहीं दी है। ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है कि उन्हें पहले ही इस बात का पता चल गया है कि केंद्र प्रफुल्ल पटेल को दिल्ली के अगले एलजी के रूप में नियुक्त कर रहा है। एमसीडी चुनाव से पहले केजरीवाल के ट्वीट को लेकर ये अटकलें अब और तेज हो गई हैं।
इस बीच आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को दिल्ली उच्च न्यायालय का रुख कर राज्य चुनाव आयोग को एमसीडी चुनाव वीवीपैट के अनुकूल ईवीएम से कराने का निर्देश देने की मांग की। राज्य चुनाव आयोग को पांच विधानसभा चुनावों की मतगणना से एक दिन पहले 9 मार्च को एमसीडी चुनावों की तारीखों की घोषणा करनी थी। राज्य चुनाव आयोग ने अंतिम समय में घोषणा को टाल दिया ।












Click it and Unblock the Notifications