केजरीवाल को जेल में रखने से क्या हासिल हुआ?...'जनता की अदालत' के दौरान BJP पर फायर हुए मनीष सिसोदिया
Manish Sisodia: दिल्ली के आज हज़ारों नागरिकों के बीच रविवार को छत्रसाल स्टेडियम में 'जनता की अदालत' में पहुंचे दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उनके भाषण की चर्चा दिल्ली से लेकर देश के हर राज्यों में हो रही है। दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी जनता की अदालत को संबोधित किया। इस दौरान सिसोदिया ने बीजेपी के ऊपर अरविंद केजरीवाल को जेल भेजने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि मैं, मोदी जी से कहना चाहता हूं कि आपने राजनीतिक प्रतिशोध में ऐसे व्यक्ति (केजरीवाल जी) को जेल भेजा जिनकी ईमानदारी की क़समें लोग खाते हैं। जिन्हें देश और दुनिया के लोग ईमानदारी का प्रतीक मानते हैं। मोदी जी, अरविंद केजरीवाल जी जेल के अंदर रहें या बाहर रहें, आप उन्हें लोगों के काम करने से नहीं रोक पाओगे।

सिसोदिया ने प्रधानमंत्री से सवाल करते हुए कहा कि आपको अरविंद केजरीवाल को 6 महीने जेल में रखने से क्या हासिल हुआ? यही कि आपने दिल्ली के काम रुकवा दिए, सड़कें ख़राब करवा दी। आपको दिल्ली के लोगों से माफ़ी माँगनी चाहिए कि आपने उनके बच्चों के भविष्य को ख़राब करने की कोशिश की। अगर माफ़ी माँगने में शर्म आ रही है तो आप देश के लोगों से वादा करो कि आगे से काम नहीं रोकोगे ताकि लोग कहें कि मोदी जी ने रिटायर होने के बाद कुछ तो अच्छा काम किया।
जनता बीजेपी को जवाब देगी
उन्होंने अपने ऊपर चले रहे कथित शराब घोटाले के केस को लेकर कहा कि BJP ने अरविंद केजरीवाल और मुझपर लांछन लगाये जिसका आधा जवाब अदालत ने दे दिया है, आधा जवाब जनता दे देगी। मुझे उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों के लोग मिलते हैं और कहते हैं कि हमारे बच्चों का भविष्य केजरीवाल जी की सरकार में सुरक्षित है इसलिए हम दिल्ली आकर बस गये हैं।
प्रचंड बहुमत के साथ केजरीवाल को CM बनाएंगे
मनीष सिसोदिया ने दिल्ली में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा, दिल्ली के लोगों ने अंदर ही अंदर मन बना लिया है कि आने दो विधानसभा चुनाव, हम फिर से प्रचंड बहुमत के साथ केजरीवाल जी को मुख्यमंत्री बनायेंगे। आज जब मैं दिल्ली में पदयात्रा करता हूं तो लोग मुझे पूछते हैं कि अगर अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे तब हमारे बच्चों की शिक्षा, हमारी मुफ़्त बिजली, महिलाओं की मुफ़्त बस यात्रा और बुजुर्गों की मुफ़्त तीर्थ यात्रा का क्या होगा?












Click it and Unblock the Notifications