Weather News Update: अप्रैल में ही दिल्ली-NCR में लू का कहर! जानें कहां और कब होगी बारिश?
Weather News Update: अप्रैल का महीना अभी से सितम ढाहने लगा है। लू और सूरज की तेज तपिश लोगों की हालत पस्त कर रही है। दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है।
दिल्ली और उत्तर भारत में अप्रैल की शुरुआत से ही गर्मी अपने तेवर दिखा रही है। सोमवार को राजधानी के कई इलाकों में पारा 40 डिग्री पार कर गया और लू चलने लगी। सुबह से ही तेज धूप ने माहौल गर्म कर दिया था और दोपहर तक हालात और खराब हो गए। खुले में काम करने वाले लोगों और बाइक-सवारी करने वालों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। अप्रैल की शुरुआत में ही लू के थपेड़े लोगों को परेशान कर रहे हैं। क्या आने वाले दिनों में राहत मिलेगी या और तपिश बढ़ेगी? आइए जानते हैं...

Delhi Weather Update: दिल्ली में लू की दस्तक
सोमवार को दिल्ली के कई इलाकों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लू जैसी स्थिति बना दी। सफदरजंग में तापमान 40.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.1 डिग्री ज्यादा था। आयानगर और रिज में भी तापमान 41 डिग्री के पार पहुंच गया।
लू कब मानी जाती है?
मौसम विभाग के मुताबिक, अगर तापमान 40 डिग्री से ऊपर हो और सामान्य से 4.5 डिग्री ज्यादा हो जाए, तो उसे 'लू' कहा जाता है। 6 डिग्री ज्यादा हो तो 'गंभीर लू' मानी जाती है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिन तक तापमान 40 से 42 डिग्री के बीच रह सकता है। यानी लू का असर बना रहेगा।
Uttar Pradesh Weather News: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी, लेकिन राहत के आसार
यूपी के कई जिलों में तापमान 40℃ पार कर चुका है। दिन और रात दोनों वक्त गर्मी महसूस हो रही है। हालांकि, 8 अप्रैल से 13 अप्रैल तक प्रदेश में बारिश की संभावना है। साथ ही 20-30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
किन जिलों में लू का अलर्ट?
गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, झांसी, ललितपुर समेत कई जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। ताप सूचकांक (heat index) 40 से 50℃ के बीच रह सकता है।
भारत के अलग-अलग राज्यों में कैसा रहेगा मौसम? (8 अप्रैल)
- दिल्ली - अधिकतम तापमान 42℃, येलो अलर्ट, लू की स्थिति
- केरल - हल्की बारिश, अधिकतम तापमान 33℃
- तमिलनाडु - बादल छाए रहेंगे, बारिश की संभावना नहीं
- आंध्र प्रदेश - हल्की बारिश की उम्मीद
- राजस्थान - भीषण गर्मी, अधिकतम तापमान 42℃, येलो अलर्ट
- महाराष्ट्र - उमस भरी गर्मी, येलो अलर्ट
- गुजरात - साफ मौसम, अधिकतम तापमान 43℃
- पंजाब - बादल छाए रह सकते हैं
- बिहार, एमपी, यूपी - तापमान बढ़ेगा, कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार
- उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर - सुबह साफ मौसम, दोपहर में हल्के बादल या बारिश
क्या करें इस गर्मी में?
घर से निकलते समय छाता, टोपी या गमछा ज़रूर लें। खूब पानी पिएं और दोपहर के समय बाहर जाने से बचें। अगर ज़रूरी हो तो खुद को अच्छे से ढककर निकलें।












Click it and Unblock the Notifications