दिल्ली में आफत की बारिश, जामा मस्जिद के गुंबद को नुकसान, 2 की मौत, पेड़ की टहनियां हटाती दिखी मेनका गांधी
नई दिल्ली, 30 मई। दिल्ली में मौसम का उलटफेर जारी है, सोमवार शाम को जमकर दिल्ली में बादल बरसे हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। आपको बता दें कि अब से कुछ देर पहले ही क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्रने ट्वीट किया था कि अगले कुछ घंटों के अंदर राजधानी और उसके आस-पास के राज्यों में भारी बारिश होने की आशंका है जिसमें उत्तर-पश्चिम दिल्ली और दक्षिण दिल्ली के आसपास क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश होगी और इस दौरान 30-50 किमी / घंटा की गति के साथ तेज हवाएं भी चलेंगी।
Recommended Video

तो वहीं दूसरी ओर उसने कहा था कि रोहतक, भिवानी, चरखी, दादरी, मटनहेल, झज्जर, फरुखनगर, कोसली, सोहाना, रेवाड़ी, पलवल, बावल, नूंह, औरंगाबाद, होडल, हाथरस में भी बारिश हो सकती हैं और तेज हवाएं चल सकती हैं। आरडब्ल्यूएफसी ने यहां के लिए भी अलर्ट जारी किया हुआ है।
जामा मस्जिद के गुंबद आंशिक रुप से क्षतिग्रस्त
दिल्ली में आंधी ओर तेज बारिश के बीच जामा मस्जिद के बीच में स्थित गुंबद का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने कहा- जामा मस्जिद के बीच के गुंबद का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। गुंबद के 2-3 टुकड़े जमीन पर गिरे हैं। बुखारी ने कहा कि बारिश में मस्जिद के पत्थरों को भी नुकसान पहुंचा है। इसमें 2 लोग भी घायल हो गए हैं। वहीं लाल किले के पास अंगूरीबाग इलाके एक 65 साल के व्यक्ति के ऊपर पेड़ गिर पड़ा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि जामा मस्जिद के पास 50 साल के व्यक्ति के ऊपर बालकनी का एक हिस्सा टूटकर गिर गया। जिसमें वह बुरी तरह जख्मी हो गया। उसकी मौत हो गई।
मेनका गांधी ने सड़क से हटाई टहनियां
राजधानी दिल्ली में तेज तूफान के साथ बारिश से बहुत नुकसान हुआ। दिल्ली के कई स्थानों पर मकान और पेड़ पौधों को भारी क्षति हुई। वहीं कई जगहों पर लोगों की घायल होने और मौत की खबरें है। सड़कों पेड़ टूटकर गिरने से आवगमन में बाधित हुआ। जंतर-मंतर रोड पेड़ टूटकर गिर गया जिससे अवागमन बाधित हुई। वहां से गुजर रहीं बीजेपी सांसद मेनका गांधी अपने वाहन से उतरकर स्वयं पेड़ की टूटी टहनियां उठाती दिखीं।
दिल्ली में कल भी हल्की बारिश हुई थी
आपको बता दें कि दिल्ली में कल भी हल्की बारिश हुई थी, हालांकि आज मौसम सुबह से गर्म ही था,गौरतलब है कि मानसून कल केरल पहुंच चुका है इसलिए दक्षिण भारत में भी इस वक्त भारी बारिश हो रही है।
आईएमडी ने कहा है कि अगले 24 घंटों के दौरान, केरल, दक्षिण कर्नाटक लक्षद्वीप में भारी बारिश हो सकती है। जबकि अरुणाचल प्रदेश और पूर्वी असम में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तो वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा विदर्भ और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश संभव है। बिहार, झारखंड और कोंकण और गोवा में छिटपुट बारिश हो सकती है और हवाएं चल सकती है।












Click it and Unblock the Notifications