खत्म हो गया सूर्यकुमार यादव का करियर? BCCI का बड़ा संकेत, वर्ल्ड कप विजेता कप्तान को विदाई मैच भी नहीं मिला
Suryakumar Yadav: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज और टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव को लंबे समय तक भारत की सीमित ओवरों की योजनाओं का अहम हिस्सा माना जाता रहा है। हालांकि, इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए घोषित टी20 टीम के साथ-साथ एशियन गेम्स 2026 के स्क्वाड में उनका नाम नहीं होने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या चयनकर्ताओं ने अब सूर्यकुमार यादव से आगे बढ़ने का फैसला कर लिया है?
हाल ही में घोषित तीनों स्क्वाड में युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताया गया है। श्रेयस अय्यर को कप्तानी सौंपी गई है, जबकि वैभव सूर्यवंशी जैसे उभरते सितारों को पहली बार मौका मिला है। दूसरी ओर, टी20 विश्व कप 2024 जीतने वाली भारतीय टीम के अहम सदस्य रहे सूर्यकुमार यादव को जगह नहीं मिली। यही कारण है कि उनके अंतरराष्ट्रीय भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

चयनकर्ताओं के फैसले ने बढ़ाई अटकलें
सूर्यकुमार यादव पिछले कुछ समय से लगातार चोट और फिटनेस समस्याओं से जूझते रहे हैं। इसके अलावा उनके प्रदर्शन में भी वह निरंतरता नहीं दिखी, जिसकी उनसे उम्मीद की जाती थी। चयनकर्ताओं ने इंग्लैंड और आयरलैंड जैसी अहम सीरीज में भी उन्हें नजरअंदाज कर दिया, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि टीम प्रबंधन अब भविष्य की टीम तैयार करने पर अधिक ध्यान दे रहा है।
युवाओं पर दांव, सूर्या हुए पीछे?
भारतीय क्रिकेट में इस समय बदलाव का दौर चल रहा है। वैभव सूर्यवंशी, नितीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा और प्रिंस यादव जैसे युवा खिलाड़ियों को लगातार मौके दिए जा रहे हैं। ऐसे में अनुभवी खिलाड़ियों के लिए टीम में जगह बनाना पहले से ज्यादा मुश्किल हो गया है। सूर्यकुमार यादव की अनुपस्थिति इसी बदलाव की कहानी बयां करती नजर आती है।
क्या बिना विदाई मैच के खत्म होगा सफर?
क्रिकेट इतिहास में कई बड़े खिलाड़ियों को आधिकारिक विदाई मैच नहीं मिला है। यदि आने वाले महीनों में भी सूर्यकुमार यादव की वापसी नहीं होती है तो यह सवाल और मजबूत होगा कि क्या उनका अंतरराष्ट्रीय करियर बिना किसी विदाई मुकाबले के समाप्त हो जाएगा। हालांकि, उनकी प्रतिभा और अनुभव को देखते हुए वापसी की संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया जा सकता।
सूर्यकुमार यादव का टी20 इंटरनेशनल करियर
दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 113 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 107 पारियों में 3272 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 36.35 और स्ट्राइक रेट 162.94 का रहा है, जो विश्व क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में उनकी गिनती कराता है। सूर्या के नाम टी20 इंटरनेशनल में 4 शतक और 25 अर्धशतक दर्ज हैं, जबकि उन्होंने 297 चौके और 179 छक्के भी लगाए हैं।













Click it and Unblock the Notifications